
UKPSC Mitra App | UKPSC Exam Update | Uttarakhand News | Competitive Exam | Government Jobs : उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। आयोग ने ‘यूकेपीएससी मित्र’ नाम से नया मोबाइल एप लॉन्च किया है। इस एप के जरिए अब परीक्षाओं से जुड़ी जरूरी जानकारी सीधे अभ्यर्थियों के मोबाइल पर पहुंचेगी।
अब तक आयोग की सभी सूचनाएं केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाती थीं। ऐसे में कई बार अभ्यर्थियों को लगातार वेबसाइट चेक करनी पड़ती थी। इसी परेशानी को कम करने के लिए आयोग ने यह नया एप शुरू किया है…ताकि सभी अपडेट समय पर और आसानी से मिल सकें।
इस एप के माध्यम से अभ्यर्थियों को परीक्षा तिथि, प्रवेश पत्र, परिणाम, साक्षात्कार और भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां तुरंत मिल सकेंगी। आयोग की ओर से जारी सूचना, बदलाव और जरूरी निर्देश भी सीधे मोबाइल पर भेजे जाएंगे।
यूकेपीएससी सचिव अशोक कुमार पांडेय ने कहा कि यह एप अभ्यर्थियों और आयोग के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों के बढ़ते उपयोग को देखते हुए यह पहल की गई है…जिससे परीक्षाओं से जुड़ी जानकारी अधिक पारदर्शी और तेज तरीके से अभ्यर्थियों तक पहुंच सके।
एप की खास बात यह है कि इसमें वीडियो और तस्वीरों के जरिए भी जानकारी साझा की जाएगी। इससे छात्रों को सूचनाएं समझने में आसानी होगी। साथ ही यह एप पूरी तरह यूजर फ्रेंडली बनाया गया है…ताकि अभ्यर्थी कहीं भी और कभी भी जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकें।
अभ्यर्थी ‘यूकेपीएससी मित्र’ एप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं और इसका लाभ उठा सकते हैं।






