
UttarakhandWeather | MonsoonUpdate | RainAlert : उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से तेज धूप और बढ़ती उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। रविवार को भी प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। दिनभर खिली धूप के कारण मैदान से लेकर पहाड़ तक तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया।
राजधानी देहरादून में रविवार को अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया…जो सामान्य से करीब तीन डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 24.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। पर्वतीय जिलों में भी तापमान में एक से दो डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, टिहरी, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन इलाकों के लिए 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 22 से 25 जून के बीच प्रदेश में मानसून दस्तक दे सकता है…जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार 27 जून तक प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। इस दौरान कई इलाकों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।






