
Dehradun | Anurag Dobhal | FIR : देहरादून में बिग बॉस फेम यूट्यूबर अनुराग डोभाल एक बार फिर विवादों में हैं। नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में राज सिंह चौहान की शिकायत पर अनुराग डोभाल और उनके साथियों के खिलाफ मारपीट, रास्ता रोकने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
राज सिंह चौहान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 5 अक्टूबर की शाम अनुराग डोभाल कुछ युवकों के साथ उनसे मिलने पहुंचे थे। इसके बाद रात करीब 8 बजे कैफे के पास दोनों पक्षों की बातचीत हुई। राज सिंह का आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और उनके साथ मारपीट की गई।
शिकायत में राज सिंह ने आरोप लगाया कि अनुराग डोभाल ने उनका गला दबाया और मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की। इसके बाद साथ मौजूद लोगों पर भी मारपीट करने का आरोप लगाया गया। शिकायतकर्ता ने यह भी कहा कि उन्हें वाहन से कुचलने की कोशिश की गई और लोहे की वस्तु से हमला किया गया।
राज सिंह ने पुलिस को बताया कि घटना के दौरान उनका मोबाइल फोन और सोने की चेन भी ले ली गई। उन्होंने खुद और अपने परिवार को जान से मारने की धमकी मिलने का भी आरोप लगाया है। हालांकि इन सभी आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि राज सिंह चौहान की चचेरी बहन रितिका, अनुराग डोभाल की पत्नी हैं। दोनों परिवारों के बीच चल रहे विवाद को लेकर बातचीत के लिए राज सिंह से मुलाकात हुई थी। इसी दौरान विवाद बढ़ने की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक शिकायत में अनुराग डोभाल के अलावा अभय चौधरी, तपन पंडित, धवल राजपुरोहित, अभिषेक टाइगर, अभिनव श्रीवास्तव और गुरु भाई समेत अन्य लोगों के नाम दिए गए हैं। नेहरू कॉलोनी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 117(2) 191(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
मामले में अनुराग डोभाल समेत चार लोगों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।



