CM Corner

आगामी चुनाव से पहले भाजपा एक्टिव, CM धामी ने कुमाऊं के नेताओं के साथ किया मंथन

Ad

BJP Uttarakhand | CM Dhami | Lalkuan : उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में रविवार को लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के गौलापार-चोरगलिया स्थित नंधौरगढ़ रिसॉर्ट में भाजपा के जिला और मंडल अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad

बैठक की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के साथ हुई। इसके बाद संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और पार्टी की आगे की रणनीति को लेकर पदाधिकारियों के साथ चर्चा की गई।

संगठन को मजबूत करने पर CM धामी का जोर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। संगठन को लगातार मजबूत बनाए रखने में जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारियों की अहम भूमिका है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता से सीधे संवाद करने पर स्थानीय समस्याओं और लोगों के सुझावों की जानकारी मिलती है…जिससे सरकार और संगठन दोनों को बेहतर काम करने में मदद मिलती है।

चुनावी तैयारियों पर भी हुआ मंथन

बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। बूथ स्तर पर पार्टी की गतिविधियां बढ़ाने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से संचालित करने पर विचार किया गया।

मुख्यमंत्री ने जिला और मंडल अध्यक्षों से कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संवाद रखने तथा स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने की बात कही।

कांग्रेस पर CM धामी ने साधा निशाना

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस की ओर से भाजपा पर लगाए जा रहे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर रुख को लेकर भी सवाल उठाए और कार्यकर्ताओं से सरकार के काम को तथ्यों के साथ जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी रखी बात

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी संगठन को जिला, मंडल और बूथ स्तर पर और मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने पदाधिकारियों से पार्टी के कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल से सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।

8 जिलों के 130 मंडल अध्यक्ष पहुंचे

बैठक में कुमाऊं संभाग के आठ जिलों से जिला अध्यक्ष और करीब 130 मंडल अध्यक्ष शामिल हुए। नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, काशीपुर, चंपावत, पिथौरागढ़, रानीखेत, अल्मोड़ा और बागेश्वर के पदाधिकारियों ने संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा की।

बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने किया। बैठक को आगामी दिनों में भाजपा की संगठनात्मक और चुनावी गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top