Election Talks

उत्तराखंड में भाजपा ने जारी की तीसरी लिस्ट, कांग्रेस से आए नेता को दिया टिकट

देहरादून: इस वक्त की बड़ी खबर भारतीय जनता पार्टी के खेमे से आ रही है। गुरुवार सुबह कांग्रेस से निकाले जाने के बाद भाजपा में शामिल हुए पूर्व पीसीसी अध्यक्ष किशोर उपाध्याय को भाजपा ने टिहरी से टिकट दे दिया है। बता दें कि किशोर उपाध्याय के खिलाफ कांग्रेस ने अनुशासनात्मक कार्यवाही करते हुए उन्हें पार्टी से निष्कासित किया था।

दरअसल बीते रोज प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व मंत्री किशोर उपाध्याय ने भाजपा के नेताओं से मुलाकात की। जिसके बाद पार्टी ने उन्हें प्रदेश समन्वय समिति के अध्यक्ष समेत पार्टी के सभी पदों से हटा दिया था। इसके बाद पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए किशोर उपाध्याय को कांग्रेस ने 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया।

अब गुरुवार की सुबह कांग्रेस से निकाले जाने के बाद किशोर उपाध्याय ने भाजपा का दामन थामा। हालांकि ये चर्चाएं पहले से ही थी कि वह भाजपा में शामिल हो जाएंगे। हुआ भी कुछ ऐसा ही। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। अब पार्टी ने उन्हें टिहरी सीट से उम्मीदवार घोषित कर दिया है। बता दें कांग्रेस ने अभी तक टिहरी सीट से किसी भी प्रत्याशी को मैदान पर नहीं उतारा है।

To Top