
BJP | Kaladhungi | Uttarakhand Election 2027 : उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज करने की दिशा में संवाद शुरू कर दिया है। कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के लामाचौड़ खास और पूरनपुर कुमटिया में पार्टी नेताओं ने वरिष्ठजनों, स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति और संगठन की मजबूती पर चर्चा की।

इन कार्यक्रमों में राज्य स्तरीय राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य एवं अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष सुरेश भट्ट शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों से संवाद करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने और राज्य में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य पर चर्चा की।
जिला कार्यकारिणी सदस्य भुवन पांडे के आवास पर हुई मुलाकात में कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। बैठक में कहा गया कि चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करना और जनता के बीच सक्रिय रहना जरूरी है।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी चर्चा हुई। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र से जुड़े मुद्दे रखे और संगठन को मजबूत बनाने को लेकर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में पूर्व प्रधान भगवती बिष्ट, प्रधान प्रतिनिधि जसविंदर जस्सा, क्षेत्र पंचायत सदस्य नीरज चौरसिया, भुवेंद्र जोशी, उर्बादत्त पांडे, शिवदत्त पांडे, कमलेश पांडे, दिनेश कबड़वाल, महेश जोशी, दयाकिशन पांडे और दिनेश पांडे समेत कई गणमान्यजन और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।



