Dehradun News

खेल में रिश्वत: उत्तराखंड की छात्रा के बयान से खलबली, दूसरे वीडियो से दूर हुआ संशय !

Ad

Dehradun | Taekwondo | Student : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ हुए ‘युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम के दौरान एक छात्रा द्वारा ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए डेढ़ लाख रुपये की मांग किए जाने की बात कहने के बाद मामला चर्चा में आ गया था। छात्रा के बयान का वीडियो सामने आने के बाद खेल व्यवस्था को लेकर सोशल मीडिया पर कई सवाल उठे।

कार्यक्रम के दौरान छात्रा ने मुख्यमंत्री को बताया था कि वह ताइक्वांडो खिलाड़ी है और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा ले चुकी है। छात्रा के अनुसार अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में जाने की प्रक्रिया के दौरान उससे करीब 1.50 लाख रुपये मांगे गए थे। यह बात बताते समय छात्रा भावुक भी हो गई थी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मामले को देखने के निर्देश दिए थे।

मामला सामने आने के बाद बुधवार को छात्रा का एक और वीडियो बयान सामने आया। इस बयान में उसने मामले की अलग स्थिति स्पष्ट की।

छात्रा ने बताया कि वह Taekwondo Council of India, जो एक निजी संस्था है के माध्यम से प्रशिक्षण ले रही थी। इसी संस्था के माध्यम से उसका एक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ था।

छात्रा के अनुसार, प्रतियोगिता में जाने, यात्रा और अन्य खर्च को मिलाकर कुल लागत करीब 3.70 लाख रुपये बताई गई थी। इसमें संबंधित निजी संस्था ने करीब 1.70 लाख रुपये का खर्च खुद उठाने की बात कही थी। बाकी लगभग 1.50 से 1.60 लाख रुपये की व्यवस्था छात्रा को स्वयं करनी थी।

छात्रा ने अपने दूसरे बयान में स्पष्ट किया कि जिस रकम की व्यवस्था उसे खुद करनी थी…उसके बारे में उसने किसी को नहीं बताया था। इसी कारण वह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकी।

दूसरे वीडियो के सामने आने के बाद शुरुआती बयान में लगाए गए रिश्वत के आरोप को लेकर स्थिति कुछ स्पष्ट हुई है। हालांकि पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर अभी भी चर्चा जारी है।

फिलहाल उपलब्ध जानकारी के आधार पर रिश्वत मांगने की बात को सिद्ध तथ्य के रूप में नहीं कहा जा सकता। मामले की वास्तविक स्थिति संबंधित जांच या आधिकारिक स्पष्टीकरण के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट होगी।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top