Udham Singh Nagar News

उत्तराखंड में जीजा ने साले को मौत के घाट उतारा, पहले तलवार से किया घायल फिर गोली मार दी…

सितारगंज: उत्तराखंड राज्य अपराधों के लिहाज से गलत दिशा में तरक्की कर रहा है। ऊधमसिंहनगर जिला तो जैसे अपराधों की कैपिटल बन गई है। अब एक और हत्या का मामला सामने आया है। सितारगंज में दिनदहाड़े एक जीजा ने अपने साले को पहले तलवार के वार से घायल किया। इसके बाद अपनी भड़ास शांत करने के लिए उसपर गोली चला दी। जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हैरान करने वाली बात ये है कि आरोपित ने खुद को भी गोली मारकर घायल किया है। फिलहाल पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।

सोमवार दोपहर की बात है जब ग्राम गागीं गिद्धौर निवासी 40 वर्षीय कुलदीप सिंह पुत्र निर्मल सिंह अपने खेत से ट्रॉली में गन्ना लोड करवा रहा था। वह नानक सागर जलाशय के पास स्थित जीरो बंधा के पास अपने खेत में ये काम कर रहे थे। तभी दो बजे के आसपास ग्राम रतनपुर फुलैया थाना खटीमा निवासी सगा फुफेरा बहनोई बलजीत सिंह उर्फ फौजी सोनू अपने नौकर के साथ खेत पर आया। वह बड़े गुस्से में दिख रहा था। तभी उसने कुलदीप पर तलवार से हमला कर दिया। जब तक कुलदीप कुछ समझ पाता वह घायल हो गया।

कुलदीप ने खुद को बचाने की कोशिश की लेकिन उसके चोट लग ही गई। जिसके बाद सोनू ने ना आव देखा ना ताव और कुलदीप पर बंदूक तान दी। सोनू ने दो राउंड फायरिंग की और कुलदीप को मौत के घाट उतार दिया। इसके तुरंत बात सोनू ने खुद को भी गोली मार कर घायल कर दिया। इसी दौरान खेत पर मौजूद अन्य मजदूर मौके से भाग गए। जब मृतक के परिवार को घटना की जानकारी मिली तो वह खेत की तरफ दौड़े दौड़े आए। जब उन्होंने कुलदीप की ऐसी हालत देखी तो वह फूट फूट कर रो पड़े।

घटना की जानकारी मिलते ही एडिशनल एसपी क्राइम ममता वोहरा, सीओ खटीमा बीएस भंडारी, एसआई शंकर सिंह बिष्ट, एसआई मंजू पवार, सितारगंज कोतवाली प्रभारी प्रकाश सिंह दानू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गए। जहां पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और हत्यारोपी सोनू को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मौके से तमंचे को भी अपने कब्जे में ले लिया। फिलहाल वक्त तक पीड़ित पक्ष ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

To Top