
BSNL 4G Expansion | Uttarakhand Connectivity | Satellite Phone : स्वतंत्रता दिवस के मौके पर BSNL ने उत्तराखंड के लोगों के लिए कनेक्टिविटी से जुड़ी कई अहम जानकारियां साझा की हैं। कंपनी ने राज्य के पहाड़ी, ग्रामीण, दूरदराज और सीमावर्ती इलाकों में स्वदेशी 4G नेटवर्क का विस्तार तेज किया है।
BSNL उत्तराखंड के मुख्य महाप्रबंधक मनमोहन सिंह ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में राज्य में मोबाइल नेटवर्क को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर काम किया गया है। इस दौरान 1,795 नए 4G साइट्स शुरू किए गए हैं।
सरकार की 4G सैचुरेशन योजना के तहत उन गांवों को भी नेटवर्क से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है…जहां पहले मोबाइल कनेक्टिविटी नहीं थी। अब तक करीब 500 टावरों की मदद से लगभग 2,600 गांव BSNL 4G नेटवर्क से जुड़ चुके हैं।
इसके अलावा करीब 85 नए टावरों का सर्वे और निर्माण कार्य चल रहा है। इनके पूरा होने के बाद लगभग 200 और गांवों को 4G नेटवर्क से जोड़ने की उम्मीद है।
पहाड़ी इलाकों में मिलेगा फायदा
BSNL के इस विस्तार से दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को मोबाइल और इंटरनेट सुविधा बेहतर मिलने की उम्मीद है। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, ऑनलाइन सरकारी सेवाओं और पर्यटन जैसे क्षेत्रों को भी फायदा हो सकता है।
BSNL की ओर से GSPS यानी Global Satellite Phone Service भी उपलब्ध कराई जा रही है। इस सेवा में मोबाइल टावर की जरूरत नहीं होती। फोन सीधे सैटेलाइट से कनेक्ट होकर कॉल और SMS की सुविधा देता है।
यह सेवा खासतौर पर ऐसे पहाड़ी, जंगल और नेटवर्क-विहीन इलाकों के लिए उपयोगी हो सकती है…जहां सामान्य मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, सैटेलाइट फोन हैंडसेट की कीमत टैक्स सहित करीब 1.34 लाख रुपये है। इसके अलावा सरकारी ग्राहकों के लिए प्रीपेड मासिक प्लान करीब 4,503 रुपये…जबकि व्यावसायिक ग्राहकों के लिए करीब 7,507 रुपये बताया गया है।
हालांकि सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा से जुड़े नियम लागू रहेंगे और यह सेवा विदेशी नागरिकों के लिए उपलब्ध नहीं होगी।
BSNL के 4G और सैटेलाइट संचार के विस्तार से उत्तराखंड के दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों में मोबाइल कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है।






