
Uttarakhand vs Railways: Ranji Trophy: Saurabh Rawat: Day 3: उत्तराखंड की टीम ने रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए रेलवे के खिलाफ मुकाबले में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज सौरभ रावत ने सीजन का पहला शतक जड़कर उत्तराखंड को बड़ी बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई। सौरभ ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 107 रनों की पारी खेली। उनकी इस शतकीय पारी में 8 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।

सौरभ रावत का यह रणजी ट्रॉफी में पांचवां शतक है। इसके साथ ही वह उत्तराखंड की ओर से रणजी ट्रॉफी में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। सौरभ के नाम उत्तराखंड के लिए रणजी ट्रॉफी में दोहरा शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज होने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। रेलवे के खिलाफ उनकी इस पारी ने एक बार फिर साबित किया कि वह टीम के भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल हैं।
मुकाबले की बात करें तो रेलवे की टीम अपनी पहली पारी में 278 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। उत्तराखंड की ओर से देवेंद्र बोरा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके और रेलवे की पारी को समेटने में अहम योगदान दिया।
इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी उत्तराखंड की टीम ने पहली पारी में 470 रन बनाकर रेलवे पर दबाव बना दिया। सौरभ रावत के 107 रनों के अलावा अवनीश सुधा ने 90 रन की शानदार पारी खेली। वहीं, सुचित ने 62 रन और मयंक मिश्रा ने 51 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूती प्रदान की।
उत्तराखंड की बल्लेबाजी के सामने रेलवे के गेंदबाज संघर्ष करते नजर आए। रेलवे की ओर से कुनाल यादव और राज चौधरी ने तीन-तीन विकेट हासिल किए।
उत्तराखंड ने पहली पारी के आधार पर 192 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। अब टीम की नजर इस बढ़त को निर्णायक स्थिति में बदलकर मुकाबले में जीत दर्ज करने पर होगी। सौरभ रावत का शतक उत्तराखंड के लिए इस मुकाबले का सबसे बड़ा आकर्षण रहा।



