
THDC Tunnel | Chamoli | Rishikesh : चमोली जिले के पीपलकोटी में टीएचडीसी की निर्माणाधीन सुरंग में हुए हादसे में एक और श्रमिक की मौत हो गई। घायल श्रमिक रोहित पांडे ने ऋषिकेश स्थित एम्स में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है।
जानकारी के अनुसार बिहार निवासी 22 वर्षीय रोहित पांडे** को सुरंग हादसे के बाद घायल अवस्था में बाहर निकाला गया था। उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था।
एम्स के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. श्रीलाय मोहंती के अनुसार रोहित की मंगलवार रात उपचार के दौरान मौत हो गई।
13 अगस्त को हुआ था हादसा
पीपलकोटी में विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में 13 अगस्त की शाम करीब साढ़े छह बजे अचानक मलबा और पानी आने की घटना हुई थी। उस समय सुरंग के अंदर 28 श्रमिक मौजूद बताए गए थे।
हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। कई श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया…जबकि कुछ श्रमिक मलबे में फंस गए थे।
मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हुई
हादसे के बाद लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया गया। अब तक इस घटना में 11 श्रमिकों की मौत हो चुकी है। वहीं घायल श्रमिकों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार कराया गया।
इस हादसे के बाद सुरंग में सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण कार्यों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन और बचाव दल की ओर से घटना से जुड़े सभी पहलुओं पर नजर रखी जा रही है।






