Dehradun News

उत्तराखंड ब्रेकिंग न्यूज: चारधाम यात्रा से हटी रोक, नए अपडेट पर डाले नजर

Ad

देहरादून : उत्तराखंड में भारी बारिश और लैंडस्लाइड के बीच चारधाम यात्रा को फिर से शुरू कर दिया गया है। गढ़वाल मंडल के आयुक्त विनय शंकर पांडे ने इस संबंध में निर्देश जारी करते हुए जिलाधिकारियों से कहा है कि वे मौसम की स्थिति को देखते हुए अपने-अपने जिलों में निर्णय लें। यदि मौसम खराब हो तो यात्रा पर रोक लगाई जा सकती है।

ADVERTISEMENTS Ad

मौसम विभाग ने आज राज्य में बहुत भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। चेतावनी के अनुसार, कुछ स्थानों पर 7 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है। इसके मद्देनज़र प्रदेश के सभी स्कूल (कक्षा 1 से 12 तक) और आंगनबाड़ी केंद्रों में आज एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन की ओर से जारी किया गया।

गौरतलब है कि लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के चलते 29 जून को चारधाम यात्रा पर रोक लगाई गई थी…लेकिन 24 घंटे के भीतर ही इसे फिर से शुरू कर दिया गया है। आयुक्त ने साथ ही तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए सभी ज़िलों को सतर्क रहने और आवश्यक स्थानों पर ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

चारधाम यात्रा यमुनोत्री, गंगोत्री (उत्तरकाशी), केदारनाथ (रुद्रप्रयाग) और बदरीनाथ (चमोली) के पर्वतीय जिलों में होती है। इन क्षेत्रों में इन दिनों लगातार बारिश से नदियां और गदेरे उफान पर हैं। प्रशासन और मौसम विभाग ने तीर्थयात्रियों और स्थानीय नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील की है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top