Election Talks

लोकसभा चुनाव से पहले गिर गई एक और राज्य की सरकार, मुख्यमंत्री मनोहर लाल का इस्तीफा

Hariyana Politics Update: CM Manohar Lal Resignation: Loksabha Election 2024:

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज अपना इस्तीफा राजयपाल बंडारू दत्तात्रेय को सौंपा जिसे राजयपाल ने भी स्वीकार कर लिया है। आपको बता दें कि कल ही गुरुग्राम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भव्य समारोह में हरियाणा वासियों को सम्बोधित किया था। अपने सम्बोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने मनोहर लाल के साथ बिताए समय को याद करते हुए बताया था कि किस तरह वो एक साथ बाइक पर घूमा करते थे और ज़मीन पर सोया करते थे। कल ही प्रधानमंत्री मोदी से तारीफ पाने वाले मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भला आज इस्तीफा क्यों दे दिया?

इसका जवाब है हरियाणा की गठबंधन वाली सरकार। हरियाणा में भाजपा और जननायक जनता पार्टी (JJP) की गठबंधन वाली सरकार है। इन दोनों दलों ने 2019 में एक दूसरे के खिलाफ विधानसभा चुनाव लड़ा था। एक दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ने के कारण भाजपा को तो बहुमत से कुछ सीटें कम मिल गई थी लेकिन जजपा अधिक सीटें प्राप्त करने में विफल रही। 2019 विधानसभा चुनाव में भाजपा को 41 और जजपा को 10 सीटें मिली थी वहीं कांग्रेस को 30 सीटें मिली थी।

90 विधानसभा सीटों वाले राज्य हरियाणा में सरकार बनाने के लिए 46 विधायकों का समर्थन चाहिए होता है। ऐसे में भाजपा ने 2019 में जजपा के साथ गठबंधन कर के लगभग 5 साल तक अपनी सरकार चलाई। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले हरियाणा में गठबंधन टूटने से लोकसभा चुनाव में भाजपा हर सीट पर अकेले चुनाव लड़ेगी और आगामी विधानसभा चुनाव में भी स्वतंत्र रूप से जनता से वोट मांगेगी।

हालांकि अभी भी कयास लगाया जा रहा है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की जगह किसी अन्य चेहरे को मुख्यमंत्री बनाकर मनोहर लाल को करनाल से लोकसभा चुनाव का टिकट दिया जा सकता है। बता दें हरियाणा के उप मुख्यमंत्री और जजपा के अध्यक्ष दुष्यंत चौटाला ने गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ बैठक कर लोकसभा चुनाव के लिए 2 से 3 सीटें मांगी थी।

भाजपा शीर्ष नेतृत्व नहीं चाहता था कि प्रधानमंत्री मोदी की विश्वसनीयता का लाभ मजबूरी में किए गए गठबंधन को मिले। इसका एक कारण यह भी है कि मेवात के नूह में हुए दंगे के बाद उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने राजनीतिक लाभ उठाने के लिए दंगाइयों का बचाव करते हुए सारा फेलियर प्रशासन का बताया था और अधिक से अधिक कमियाँ भी सरकार की ही निकाली थी। सूत्रों से मिल रही खबर के अनुसार निर्दलीय विधायकों के समर्थन से आज ही हरियाणा में दोबारा भाजपा की सरकार बन सकती है और मनोहर लाल फिर से मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

To Top