Election Talks

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बने मुख्यमंत्री, लोकसभा चुनाव से पहले क्यों हुआ इतना बड़ा बदलाव?

Ad

Haryana Politics: CM Haryana: Nayab Singh Saini: Manohar Lal:

ADVERTISEMENTS Ad

हरियाणा की राजनीती में रातों-रात बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के त्यागपत्र देने के बाद संभावना जताई जा रही थी कि वो निर्दलीय विधायकों का समर्थन लेकर दोबारा मुख्यमंत्री बन जाएंगे। इसी बीच एक बहुत बड़ी खबर सामने आई है जहाँ पिछले ही साल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बने नायब सैनी ने आज शाम मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। हरियाणा के मुख्यमंत्री बने नायब सैनी कुरुक्षेत्र से सांसद हैं यानी विधायकों का समर्थन प्राप्त करने वाले नेता ने विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ा है। मुख्यमंत्री बनने के बाद नायब सिंह सैनी को 6 महीने के भीतर विधानसभा का चुनाव जीतकर विधायक बनना होगा।

हरियाणा में भाजपा और जजपा का गठबंधन टूटने के बाद जजपा अध्यक्ष दुष्यंत चौटाला ने अपने दल के सभी विधायकों को दिल्ली बुलाया था। बता दें कि जजपा के सभी विधायक चौटाला की बैठक में नहीं पहुंचे थे वहीं मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह में जजपा के 4 विधायक मौजूद रहे। नायब सैनी को विधायक दल के नेता चुने जाने से पहले कई वरिष्ठ नेताओं के नामों पर भी चर्चा हुई इन नामों में हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज का नाम भी सामने आ रहा था। अनिल विज के नाम पर मुख्यमंत्री पद के लिए विचार ना करने से वो नाराज़ होकर भाजपा बैठक से उठकर सीधे अपने घर अम्बाला के लिए रवाना हो गए।

लोकसभा 2024 चुनाव के बाद हरियाणा में विधानसभा का चुनाव भी होना है। नायब सैनी के मुख्यमंत्री बनने के बाद यह साफ़ है कि अब मनोहर लाल को लोकसभा चुनाव के लिए टिकट दिया जाएगा। मनोहर लाल करनाल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। OBC वोट पर पकड़ बनाने के लिए भाजपा ने हरियाणा में पिछड़े वर्ग से आने वाले नेता नायब सैनी को मुख्यमंत्री पद सौंप दिया है। बता दें कि नायब सैनी को 41 भाजपा विधायकों के साथ 6 निर्दलीय विधायकों और हरियाणा लोकहित पार्टी के गोपाल कांडा का भी समर्थन प्राप्त है। हालांकि सरकार बनाने के लिए किसी भी दल को 46 विधायकों का समर्थन चाहिए होता है ऐसे में भाजपा ने इस जादूई आंकड़े को भी पार कर लिया है।

हरियाणा के नए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मंत्रिमंडल में जगाधरी से विधायक कंवर पाल गुर्जर, बल्लबगढ़ से विधायक मूल चंद शर्मा, रानिया विधानसभा से स्वतंत्र विधायक रणजीत सिंह चौटाला, लोहारू से विधायक जय प्रकाश दलाल, बावल से विधायक बनवारी लाल को भी शामिल किया गया शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मनोहर लाल भी मंच पर ही उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad
To Top