CM Corner

दिल्ली से लौटते ही CM धामी ने संभाली रेस्क्यू की कमान, 179 ट्रैकर्स-माउंटेनियर्स की सुरक्षा पर लिया अपडेट

Ad

Rescue Operation | CM Dhami | Uttarakhand : दिल्ली से लौटते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सीधे राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र आईटी पार्क पहुंचे। यहां उन्होंने उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में फंसे ट्रैकर्स और माउंटेनियर्स के लिए चल रहे राहत एवं बचाव अभियान की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से रेस्क्यू ऑपरेशन की ताजा स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि फंसे हुए प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना सर्वोच्च प्राथमिकता हो। मौसम और पहाड़ी परिस्थितियों को देखते हुए सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल करने के भी निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि उत्तराखंड के अलग-अलग उच्च हिमालयी क्षेत्रों में कुल 179 ट्रैकर्स और माउंटेनियर्स के फंसे होने की जानकारी मिली थी। इनमें 136 लोग उत्तरकाशी और 43 लोग बागेश्वर के पिंडारी क्षेत्र में बताए गए हैं।

उत्तरकाशी में 40 लोगों का रेस्क्यू

मुख्यमंत्री को बताया गया कि उत्तरकाशी में फंसे 136 लोगों में से 40 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। वहीं 40 लोगों ने फिलहाल रेस्क्यू कराने से इनकार किया है और अपनी यात्रा जारी रखने की इच्छा जताई है।

शेष लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान सोमवार सुबह 6 बजे से दोबारा शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्क्यू टीमों को सभी जरूरी संसाधन और सहयोग उपलब्ध कराया जाए।

8 हेलीकॉप्टर तैनात, हेली एंबुलेंस स्टैंडबाय पर

रेस्क्यू अभियान के लिए कुल 8 हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जरूरत पड़ने पर हवाई संसाधनों का तत्काल इस्तेमाल किया जाए। इसके साथ ही हेली एंबुलेंस को भी स्टैंडबाय पर रखने के निर्देश दिए गए हैं…ताकि किसी व्यक्ति को चिकित्सा सहायता की जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद मिल सके।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी उत्तरकाशी से भी फोन पर मौके की स्थिति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने बताया कि मौसम और परिस्थितियों को देखते हुए शेष ट्रैकर्स और माउंटेनियर्स को सुरक्षित निकालने के लिए सोमवार सुबह 6 बजे से अभियान फिर शुरू किया जाएगा।

चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने यात्रा मार्गों और धामों में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने चारधाम समेत प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की स्थायी व्यवस्था बनाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लंबे समय के लिए ठोस कचरा प्रबंधन की योजना तैयार करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की स्थिति में सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ तेजी से काम करें। संवेदनशील क्षेत्रों में मौसम और हालात पर लगातार नजर रखी जाए और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया जाए।

बैठक में सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन, आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप समेत आपदा प्रबंधन और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Ad
To Top