
Uttarakhand News | CM Dhami | Kumbh Mela 2027 : उत्तराखंड में विकास कार्यों और जरूरी व्यवस्थाओं को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने करीब 728 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृतियों को मंजूरी दी है। इसमें हरिद्वार कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के लिए 492 करोड़ रुपये और टिहरी बांध प्रभावित 178 पात्र परिवारों को नकद प्रतिकर देने के लिए 132.43 करोड़ रुपये का प्रावधान शामिल है। इसके अलावा सड़क, सिंचाई, धार्मिक स्थलों और जिला पंचायतों से जुड़े कार्यों के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है।

हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 के दौरान अस्थायी व्यवस्थाएं और अन्य जरूरी काम पूरे करने के लिए राज्य सेक्टर से 175 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं, केंद्र सरकार से अनुमोदित कार्यों के वित्तपोषण के लिए शहरी विकास विभाग के माध्यम से 317 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इन स्वीकृतियों से कुंभ मेले की तैयारियों से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
टिहरी बांध से प्रभावित 178 पात्र परिवारों के लिए 132.43 करोड़ रुपये के नकद प्रतिकर का प्रावधान किया गया है। पुनर्वास नीति-1988 के तहत कृषि भूमि के बदले दिए जाने वाले नकद प्रतिकर में बढ़ोतरी को भी मंजूरी दी गई है।
सरकार ने प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में सड़क सुधार और सिंचाई से जुड़ी योजनाओं के लिए भी धनराशि स्वीकृत की है।
अल्मोड़ा: सल्ट क्षेत्र में गैरखेत-बलमरा-सराईखेत मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए 6.13 करोड़ रुपये।
ऊधमसिंह नगर: सितारगंज में सिडकुल से पंडरी तक अपर बैगुल नहर के जीर्णोद्धार के लिए 7.84 करोड़ रुपये।
पौड़ी: ढिकोलिया में स्प्रिंकलर आधारित नलकूप के लिए 1.43 करोड़ रुपये।
नैनीताल: ल्वेशाल में लिफ्ट सिंचाई योजना के लिए 2.54 करोड़ रुपये।
पिथौरागढ़ के लामाखेत में सकत्या बड़बाप मंदिर के सौंदर्यीकरण, दीवार और धर्मशाला निर्माण के लिए 45.03 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं चंपावत के गोगना तोक में ब्रह्मचारिणी मेला स्थल के विकास पर 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
हरिद्वार के बीएचईएल-रानीपुर क्षेत्र में तीन निर्माण कार्यों के लिए 2.67 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही जिला पंचायतों को तीसरी तिमाही की किस्त के रूप में 82.21 करोड़ रुपये जारी करने के प्रस्ताव को भी अनुमोदन मिला है।



