CM Corner

सीएम धामी ने स्वतंत्रता दिवस पर की 7 बड़ी घोषणाएं

Ad

PushkarSinghDhami | UttarakhandNews |IndependenceDay2026: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुई। इसके बाद राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का सामूहिक गायन किया गया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, अमर शहीदों और वीर जवानों को नमन किया। उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों और उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए बलिदान देने वाले लोगों को भी श्रद्धांजलि दी।

स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों और खिलाड़ियों का सम्मान

समारोह में मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम में 14 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक प्रदान किए गए। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले 13 खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।

आपदा प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है सरकार

मुख्यमंत्री ने हाल में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आई प्राकृतिक आपदाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। राहत और बचाव कार्यों के साथ क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों, पेयजल और बिजली की व्यवस्था को जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

विकसित उत्तराखंड का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2035 तक विकसित उत्तराखंड बनाने का लक्ष्य रखा है। सड़क, रेल और रोपवे कनेक्टिविटी बढ़ाने के साथ पर्यटन, उद्योग, रोजगार और स्वरोजगार पर भी जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और विभिन्न रोपवे परियोजनाओं से राज्य की कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है। केदारनाथ-बदरीनाथ पुनर्निर्माण, मंदिर माला मिशन, ऋषिकेश-हरिद्वार कॉरिडोर और शारदा कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं का भी जिक्र किया।

युवाओं और महिलाओं के लिए योजनाओं का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार तलाशने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनाने के लिए स्टार्टअप और स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’, होम-स्टे योजना और मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना जैसी पहलों की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में कक्षा 11वीं और 12वीं के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग देने के लिए ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ शुरू की गई है। पहले चरण में 10 हजार विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा।

महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में लखपति दीदी योजना का भी उल्लेख किया गया। मुख्यमंत्री के अनुसार प्रदेश में 3 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़ी सात महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

  1. चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित किए जाएंगे।
  2. उत्तराखंड में प्रदेश के पहले युवा आयोग की स्थापना की जाएगी।
  3. सीमावर्ती गांवों के युवाओं, पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार एवं उद्यम के लिए अतिरिक्त सहायता और प्रोत्साहन दिया जाएगा।
  4. वर्ग-3 और वर्ग-4 की भूमि के विनियमितीकरण की समय-सीमा बढ़ाकर भूमिधरी अधिकार देने की व्यवस्था की जाएगी।
  5. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राज्यांश 50 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये किया जाएगा।
  6. 18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजना शुरू होगी। आईआईटी और आईआईएम जैसे संस्थानों के सहयोग से निःशुल्क उद्यमिता व कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। उद्यम शुरू करने के लिए बैंक ऋण की 30 प्रतिशत राशि सरकार अनुदान के रूप में देगी।
  7. प्रदेश के बहादुर बच्चों को सम्मानित करने के लिए इसी वर्ष से ‘बाल वीरता पुरस्कार’ शुरू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता का विश्वास सरकार के लिए बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने विकसित और मजबूत उत्तराखंड बनाने के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि सरकार पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ इस दिशा में काम करती रहेगी।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top