Nainital-Haldwani News

कॉर्बेट पहुंचे सीएम धामी, ‘एक पेड़ मां के नाम’ से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Ad

रामनगर (नैनीताल): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क के भ्रमण के दौरान कहा कि रामनगर क्षेत्र न सिर्फ उत्तराखंड…बल्कि पूरी दुनिया में वाइल्ड लाइफ टूरिज्म के लिए एक खास पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि कॉर्बेट की जैव विविधता और पर्यावरणीय संपदा को सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए सरकार हर जरूरी कदम उठाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad

मुख्यमंत्री ने पार्क के ढेला रेंज में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत एक पौधा रोपकर संदेश दिया कि प्रकृति और मातृत्व का सम्मान साथ-साथ चलता है। उन्होंने इस मौके पर वन विभाग, स्थानीय लोगों और पर्यावरण प्रेमियों के साथ मिलकर सामूहिक वृक्षारोपण में हिस्सा लिया…जिसमें 1000 से अधिक पौधे लगाए गए।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान कॉर्बेट रेस्क्यू सेंटर का निरीक्षण किया और जंगल सफारी के दौरान वन्यजीवों का अवलोकन भी किया। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली और बेहतर सुरक्षा उपायों के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा और अन्य पर्यटक स्थलों में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि पर्यटन गतिविधियों को और मजबूती मिले…ताकि राज्य की आर्थ‍िक स्थिति सशक्त हो और स्थानीय लोगों को रोजगार के बेहतर अवसर मिलें।

उन्होंने कहा कि जंगल सफारी टूरिज्म ने उत्तराखंड को एक नई पहचान दी है और देश-विदेश से पर्यटक बड़ी संख्या में यहां पहुंच रहे हैं। इससे न केवल पर्यटन अर्थव्यवस्था को बल मिला है…बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के रास्ते भी खुले हैं। मुख्यमंत्री ने वन विभाग की टीम के कार्यों की सराहना की और उन्हें धन्यवाद दिया कि वे वनों और वन्यजीवों की सुरक्षा में प्रतिबद्धता के साथ लगे हुए हैं।

कॉर्बेट नेशनल पार्क के निदेशक डॉ. साकेत बड़ोला ने जानकारी दी कि मानसून के दौरान वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए ऑपरेशन मानसून चलाया जा रहा है…जिसके तहत लगातार गश्त की जा रही है। पार्क में पर्यटकों को वन्यजीवन की रोमांचकारी झलक देखने को मिल रही है…जो राज्य की जैव विविधता की विशेषता है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top