
Operation Sindoor | Pushkar Singh Dhami | Indian Army | Narendra Modi | Dehradun News | Defence News | Uttarakhand : मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने दून सैनिक इंस्टीट्यूट, गढ़ी कैंट में आयोजित ऑपरेशन सिंदूर-शौर्य, सम्मान और वीरता कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और भारतीय सेना के साहस को देश के लिए गर्व का विषय बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व और भारतीय सेना के शौर्य के कारण आतंकवाद के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि सेना के साहस, समर्पण और बलिदान की वजह से दुश्मन भारत की ओर आंख उठाने की हिम्मत नहीं कर सकता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि जब पूरा देश सो रहा था…तब भारतीय सेनाओं ने मात्र 22 मिनट में पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर ध्वस्त कर दिया।
उन्होंने कहा कि भारत की आधुनिक वायु सुरक्षा प्रणाली ने दुश्मन के सभी हमलों को नाकाम कर दिया और एक भी मिसाइल भारतीय जमीन पर नहीं गिरने दी। भारतीय सेना ने अपने पराक्रम से पाकिस्तान को चार दिन के भीतर युद्धविराम के लिए मजबूर कर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का सेना और सैनिकों से भावनात्मक रिश्ता है क्योंकि राज्य के लगभग हर परिवार से कोई न कोई सदस्य सेना में सेवा देता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सैनिकों का मनोबल बढ़ाने के साथ सेना को आधुनिक तकनीक और हथियारों से मजबूत बना रही है।
उन्होंने कहा कि भारत अब रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है और दुनिया के 80 से अधिक देशों को रक्षा उपकरण और हथियार निर्यात कर रहा है। पिछले 12 वर्षों में रक्षा निर्यात में 38 गुना वृद्धि दर्ज की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए लगातार फैसले ले रही है। शहीदों के परिजनों को मिलने वाली अनुग्रह राशि बढ़ाई गई है और वीरता पुरस्कार पाने वाले सैनिकों को दी जाने वाली सम्मान राशि में भी बढ़ोतरी की गई है।
उन्होंने बताया कि शहीद सैनिकों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का फैसला लिया गया है। साथ ही आवेदन की समय सीमा को दो वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष किया गया है। पूर्व सैनिकों और वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा और संपत्ति खरीद पर स्टाम्प ड्यूटी में छूट जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं।






