CM Corner

देश के मुख्यमंत्रियों की रैंकिंग में सीएम धामी दूसरे नंबर पर, पहले स्थान पर कौन?

Ad

Uttarakhand | Pushkar Singh Dhami | Best CM Survey : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। फेम इंडिया पत्रिका और एशिया पोस्ट के संयुक्त सर्वे ‘बेस्ट चीफ मिनिस्टर सर्वे-2026’ में उन्हें देशभर के मुख्यमंत्रियों में दूसरा स्थान मिला है। धामी को 1000 में से 888 अंक दिए गए हैं।

ADVERTISEMENTS Ad

इस सर्वे में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 897 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहे….जबकि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने 874 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। पहले और दूसरे स्थान के बीच केवल नौ अंकों का अंतर रहा।

सर्वे में देश के 15 मुख्यमंत्रियों को शामिल किया गया था। इसमें पहले दस स्थान हासिल करने वाले मुख्यमंत्रियों को ‘बेस्ट चीफ मिनिस्टर’ श्रेणी में रखा गया…जबकि 11वें से 15वें स्थान तक के मुख्यमंत्रियों को ‘मुख्यमंत्री पंचरत्न’ श्रेणी में शामिल किया गया।

आयोजकों के मुताबिक यह सर्वे करीब तीन से चार महीने तक चला। इस दौरान मुख्यमंत्रियों की लोकप्रियता, नेतृत्व क्षमता, प्रशासनिक कामकाज और जनता के बीच उनकी छवि का आकलन किया गया। इसके लिए सोशल मीडिया और पारंपरिक मीडिया में सामने आई प्रतिक्रियाओं का अध्ययन किया गया। इसके बाद अलग-अलग क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों, बुद्धिजीवियों और आम नागरिकों की राय भी शामिल की गई।

मुख्यमंत्रियों का मूल्यांकन दस मानकों पर किया गया। इनमें सुशासन, कानून-व्यवस्था, व्यक्तित्व, छवि, कार्यक्षमता, प्रभाव, विभागों की समझ, लोकप्रियता, दूरदर्शिता और कार्यशैली के साथ काम के नतीजों को आधार बनाया गया। इन सभी पहलुओं पर मिले अंकों के आधार पर अंतिम रैंकिंग तैयार की गई।

हालांकि यह सर्वे निजी संस्थाओं की ओर से किए गए आकलन पर आधारित है…लेकिन इसके नतीजों से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा जरूर बढ़ी है।

उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य के मुख्यमंत्री का इस सूची में दूसरा स्थान हासिल करना राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है। राज्य में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। ऐसे समय में यह रैंकिंग भाजपा के लिए भी महत्वपूर्ण हो सकती है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top