
Silkyara Tunnel | Pushkar Singh Dhami | Uttarkashi News : उत्तरकाशी की सिलक्यारा टनल में शॉटक्रीट का हिस्सा गिरने से हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देर रात आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन से पूरी घटना की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर आपदा प्रबंधन सचिव ने एनएचआईडीसीएल और जिला प्रशासन से हादसे की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों और टनल के भीतर लागू सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिक के प्रति शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि मृतक के परिजनों को नियमानुसार जल्द मुआवजा दिया जाए और पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक उसके गृह जनपद तक पहुंचाने की पूरी व्यवस्था की जाए।
बैठक में टनल निर्माण के दौरान अपनाई जा रही सुरक्षा व्यवस्था और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मौजूदा परिस्थितियों और संभावित जोखिमों को देखते हुए एसओपी में आवश्यक बदलाव किए जाएं…ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
सचिव विनोद कुमार सुमन ने संबंधित विभागों को टनल के भीतर संभावित जोखिम वाले हिस्सों का विशेष निरीक्षण करने और जरूरत पड़ने पर तुरंत सुरक्षा उपाय लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में लगे सभी श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सबसे महत्वपूर्ण है।






