CM Corner

संकट की घड़ी में सबसे आगे दिखे सीएम धामी, 12 घंटे में बहाल कराया नंदा की चौकी का मार्ग

Ad

PushkarSinghDhami | NandaKiChowki DehradunNews : देहरादून के नंदा की चौकी क्षेत्र में भारी बारिश के कारण मंगलवार सुबह पुल की एप्रोच रोड का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया…जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने राहत और मरम्मत कार्य शुरू किया और लगभग 12 घंटे के भीतर मार्ग को दोबारा वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरम्मत कार्य में तेजी लाई जाए और आम लोगों को जल्द से जल्द राहत मिले। इसके बाद लोक निर्माण विभाग, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित एजेंसियों ने संयुक्त रूप से युद्धस्तर पर काम शुरू किया।

लगातार चले मरम्मत अभियान के बाद शाम तक एप्रोच रोड को दुरुस्त कर यातायात बहाल कर दिया गया। मार्ग खुलने से स्थानीय लोगों, यात्रियों और आवश्यक सेवाओं को राहत मिली। इस दौरान एक एम्बुलेंस भी बिना किसी बाधा के मरीज को अस्पताल तक पहुंच सकी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के समय राहत और पुनर्स्थापन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी आवश्यक तकनीकी और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुल सुरक्षित है और केवल एप्रोच रोड का हिस्सा प्रभावित हुआ था। साथ ही पुल और एप्रोच रोड के निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार से स्पष्टीकरण मांगा गया है। यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही या निर्माण मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पांडेय ने मौके का निरीक्षण कर बताया कि तेज बारिश और पानी के बहाव से एप्रोच रोड के नीचे की मिट्टी और मलबा बह गया था। मामले की तकनीकी जांच के निर्देश दिए गए हैं और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने समय पर सड़क बहाल होने पर राहत जताई। उनका कहना है कि मार्ग जल्द खुलने से दैनिक जीवन और आवश्यक सेवाएं सामान्य हो गईं। प्रशासन ने भी भरोसा दिलाया है कि प्रदेश में आपदा की स्थिति में राहत और सड़क बहाली का कार्य प्राथमिकता के आधार पर जारी रहेगा।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top