
Haldwani | Kumaon Media Centre | CM Dhami | Journalists | Media Hub | Uttarakhand News : मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में कुमाऊं मीडिया सेंटर भवन का शिलान्यास किया। करीब 6 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह आधुनिक मीडिया सेंटर कुमाऊं मंडल के पत्रकारों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मीडिया सेंटर सिर्फ एक भवन नहीं…बल्कि पत्रकारों के लिए एक आधुनिक और सुविधाजनक कार्यस्थल होगा। उन्होंने कहा कि अब कुमाऊं के पत्रकारों को कई जरूरी कामों के लिए देहरादून नहीं जाना पड़ेगा…जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।
सीएम धामी ने कहा कि मीडिया सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल, हाई-स्पीड इंटरनेट, डिजिटल स्टूडियो, लाइब्रेरी, कैंटीन और गेस्ट रूम जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले पत्रकारों को भी यहां ठहरने की सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों और सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रही है। पत्रकार कल्याण कोष को बढ़ाकर 5 करोड़ रुपये किया गया है। साथ ही अधिस्वीकृत पत्रकारों और उनके परिवारों को 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा दी जा रही है। वरिष्ठ पत्रकारों को हर महीने पेंशन भी प्रदान की जा रही है।
उन्होंने पत्रकारों से सकारात्मक पत्रकारिता करने और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारों की कलम लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक सरिता आर्या, मेयर गजराज सिंह बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।






