
Pushkar Singh Dhami | Encroachment Action | Land Law | Waqf Property | Monsoon Alert | Char Dham Yatra | Uttarakhand News | Virtual Meeting : मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने सोमवार को खटीमा स्थित अपने निजी आवास से सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाने के अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम सभाओं की सरकारी भूमि की भी जांच की जाए और भू कानून का उल्लंघन पाए जाने पर जमीन को राज्य सरकार में निहित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को वक्फ संपत्तियों का रिकॉर्ड उम्मीद पोर्टल पर नियमित रूप से जांचने और समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। साथ ही शत्रु संपत्तियों पर हुए अवैध कब्जों को हटाने के लिए सख्त कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में मुख्यमंत्री ने अन्य राज्यों से आए लोगों के शस्त्र लाइसेंस की जांच, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और वेरिफिकेशन अभियान तेज करने के निर्देश दिए। अवैध राशन कार्ड बनाकर सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने वाले अपात्र लोगों को चिन्हित करने पर भी जोर दिया गया।
आगामी मानसून को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में पहले से तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने और बिजली कटौती की स्थिति में पहले से सूचना देने के आदेश दिए।
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा की नियमित मॉनिटरिंग करने, श्रद्धालुओं से फीडबैक लेने और यात्रा मार्गों पर पेयजल व ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश भी दिए। वहीं मानसखंड यात्रा के तहत कैंची धाम बाईपास निर्माण कार्य अगले महीने तक पूरा करने को कहा गया।
कृषि और बागवानी योजनाओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पॉली हाउस, एप्पल मिशन और कीवी मिशन जैसी योजनाओं का लाभ वास्तव में किसानों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने परिणाम आधारित कार्य संस्कृति अपनाने पर जोर दिया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने जोशीमठ समेत आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने और मानसून से पहले संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।






