CM Corner

पहाड़ों से पलायन रोकने के लिए CM धामी का बड़ा प्लान, गांव लौटेंगे लोग तो मिलेंगे रोजगार के मौके

Ad

Reverse Migration | Rural Development | Uttarakhand : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में ग्राम्य विकास एवं पलायन निवारण आयोग की बैठक हुई। बैठक में पहाड़ी क्षेत्रों से पलायन रोकने, लोगों को वापस गांवों से जोड़ने और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रिवर्स पलायन को बढ़ावा देने के लिए विभाग अपनी योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू करें। उन्होंने कहा कि गांवों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें।

बैठक में पर्वतीय क्षेत्रों में आयोजित प्रवासी पंचायतों और स्वरोजगार जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। आयोग के सदस्यों ने गांवों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने को लेकर कई सुझाव रखे।

सीएम धामी ने कहा कि ग्रामीण लोगों को स्वरोजगार और आजीविका से जुड़ी योजनाओं की जानकारी आसान भाषा में गांव स्तर तक उपलब्ध कराई जाए। योजनाओं का लाभ लेने के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों और बैंकों के चक्कर न लगाने पड़ें…इसके लिए प्रक्रिया को सरल बनाने पर ध्यान दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक कौशल को रोजगार से जोड़ने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता और ब्रांडिंग बेहतर करने के साथ उन्हें बाजार उपलब्ध कराया जाए…ताकि युवाओं को अपने गांव में ही कमाई के अवसर मिल सकें।

उन्होंने कहा कि रिवर्स पलायन केवल रोजगार देने से नहीं होगा। इसके लिए गांवों में बेहतर आजीविका, सुविधाएं और रोजगार की संभावनाएं विकसित करनी होंगी। सभी विभागों को मिलकर इस दिशा में ठोस और परिणाम देने वाले प्रयास करने होंगे।

बैठक में ग्राम्य विकास एवं पलायन निवारण आयोग के उपाध्यक्ष एसएस नेगी, सदस्य अनिल सिंह शाही, दिनेश रावत, सुरेश सुयाल, राम प्रकाश पैन्यूली और रंजना रावत सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top