Uttarakhand News

युवा खिलाड़ी अब नई बस से जाएंगे स्कूल, सीएम ने खेल विभाग के अधिकारियों को दिए निर्देश

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर, देहरादून में छात्रावासों में रह रहे छात्रों से मिले। इस अवसर पर उन्होंने छात्रों की कैंटीन का अवलोकन भी किया।मुख्यमंत्री ने सभी बच्चों को अपनी पढ़ाई एवं खेलों पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि अपने उद्देश्य की प्राप्ति के लिए पूरे जज्बे के साथ मेहनत करें। उन्होंने कहा कि सभी बच्चों को संकल्प के साथ आगे बढ़ना है। मुख्यमंत्री ने खेल विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि इन बच्चों को स्कूल जाने के लिए नई स्कूल बस के लिए जल्द प्रपोजल बनाकर भेजें। इस अवसर पर खेल मंत्री अरविन्द पाण्डेय एवं विधायक उमेश शर्मा काऊ भी मौजूद थे।

इसके अलावा उन्होंने लोक योजना अभियान – 2021 सबकी योजना सबका विकास के अन्तर्गत गढ़वाल मण्डल के त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों एवं कार्मिक पंचायतीराज विभाग की एक दिवसीय राज्य स्तरीय अभिमुखीकरण कार्यशाला का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा कोरोना काल में कार्य करने वाले ग्राम पंचायत विकास एवं सहायक विकास अधिकारी, पंचायत को एक क्लिक से पी.एफ.एम.एस. के माध्यम से गढ़वाल मण्डल के 55 सहायक विकास अधिकारी, पंचायत एवं 455 ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों प्रत्येक को 10-10 हजार रूपये की धनराशि कुल 510 कार्मिकों को रू0 51 लाख की धनराशि त्वरित ट्रान्सफर की गयी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की जिला पंचायत अध्यक्षों का मानदेय 10 हजार रूपये से बढ़ाकर रू0 14 हजार कर दिया गया जायेगा। उपाध्यक्षों का मानदेय रू0 6000 से बढ़ाकर रू0 9800, उप प्रधान का रू0 500 से रू0 1000, जिला पंचायत सदस्य का रू0 1000 से बढ़ाकर रू0 1500 प्रति बैठक एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य रू0 500 से रू0 700 प्रति बैठक किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में जन प्रतिनिधियों द्वारा सराहनीय कार्य किया गया। सभी प्रधानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किये जायेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर ओपन जिम खोलने की जो घोषणा की गई थी उसका शासनादेश हो चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा समाज के हर वर्गों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं चलाई जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन को रोकने के लिए विशेष प्रयास किये जा रहे हैं। रोजगार के साथ ही स्वरोजगार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जन समस्याओं का समाधान एक ही जगह पर हो इसके लिए लगातार कैंप लगाये जा रहे हैं। जनपदों में रोजगार मेले आयोजित किये जा रहे हैं।

To Top
Ad