National News

कॉमनवेल्थ गेम्स : शर्मिला ने रचा इतिहास, भारत ने 5वें दिन जीते 6 मेडल; जानिए किसे मिला कौन-सा पदक

Ad

Commonwealth Games 2026 | India Medal Tally | Sharmila Gold : स्कॉटलैंड के ग्लासगो में चल रहे 23वें कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने पांचवें दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 6 पदक अपने नाम किए। दिन की सबसे बड़ी सफलता पैरा एथलीट शर्मिला धनखड़ ने दिलाई…जिन्होंने महिलाओं की F37 शॉट पुट स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर भारत को इस संस्करण का दूसरा गोल्ड मेडल दिलाया।

शर्मिला ने अपने सर्वश्रेष्ठ 9.81 मीटर के थ्रो के साथ पहला स्थान हासिल किया। इससे पहले भारत को पहला स्वर्ण पदक वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने दिलाया था। शर्मिला की इस उपलब्धि से भारतीय दल का उत्साह और बढ़ गया।

वल्लुरी अजय बाबू सिर्फ 1 किलो से गोल्ड से चूके

पुरुषों की 79 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में वल्लुरी अजय बाबू ने शानदार प्रदर्शन किया…लेकिन वह महज 1 किलो के अंतर से स्वर्ण पदक जीतने से चूक गए। उन्होंने स्नैच में 149 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 181 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 330 किलोग्राम का स्कोर बनाया।

हालांकि मलेशिया के खिलाड़ी ने अपने अंतिम प्रयास में 184 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 331 किलोग्राम का स्कोर बनाया और स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। अजय बाबू को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

हाई जंप और वेटलिफ्टिंग में भी भारत का दम

पुरुषों की हाई जंप स्पर्धा में सर्वेश अनिल कुशारे ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। वहीं महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में ज्ञानेश्वरी यादव ने भी शानदार प्रदर्शन कर भारत की झोली में एक और रजत पदक डाला।

इसके अलावा बिंदियारानी देवी ने महिलाओं की 58 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग में कांस्य पदक जीता…जबकि शिल्पा ने महिलाओं की F57 शॉट पुट स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।

पांचवें दिन भारत के नाम रहे ये 6 पदक

स्वर्ण: शर्मिला धनखड़ – महिलाओं की F37 शॉट पुट

रजत: ज्ञानेश्वरी यादव – वेटलिफ्टिंग (53 किग्रा)

रजत: वल्लुरी अजय बाबू – वेटलिफ्टिंग (79 किग्रा)

रजत: सर्वेश अनिल कुशारे – पुरुष हाई जंप

कांस्य: बिंदियारानी देवी – वेटलिफ्टिंग (58 किग्रा)

कांस्य: शिल्पा – महिलाओं की F57 शॉट पुट

मेडल तालिका में भारत की स्थिति

पांचवें दिन के मुकाबलों के बाद भारत के खाते में अब 2 स्वर्ण, 5 रजत और 3 कांस्य सहित कुल 10 पदक हो गए हैं। भारत फिलहाल मेडल तालिका में आठवें स्थान पर बना हुआ है। वहीं ऑस्ट्रेलिया 26 स्वर्ण सहित कुल 59 पदकों के साथ पहले स्थान पर कायम है।

भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन लगातार बेहतर होता जा रहा है और आने वाले मुकाबलों में देश को कई और पदकों की उम्मीद है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top