Dehradun News

दलेर मेहंदी विवाद में CM धामी के प्रयास की मीका सिंह ने की तारीफ

Ad

Daler Mehndi | Pushkar Singh Dhami | Mika Singh : उत्तराखंड में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी के कार्यक्रम को लेकर शुरू हुआ विवाद अब लगातार चर्चा में है। मामले को शांत करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बार फिर दलेर मेहंदी से फोन पर बातचीत की। वहीं गायक मीका सिंह ने मुख्यमंत्री के प्रयास की सराहना करते हुए कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल से अपने बयान पर सफाई देने और दलेर मेहंदी से माफी मांगने की अपील की है।

ADVERTISEMENTS Ad

मुख्यमंत्री धामी ने बातचीत के दौरान दलेर मेहंदी का हालचाल जाना और विवाद को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में अतिथियों का स्वागत और सम्मान करने की परंपरा रही है। देवभूमि की पहचान यहां की लोकसंस्कृति, आत्मीयता और आपसी सौहार्द से है। कलाकारों का भी हमेशा सम्मान किया जाता रहा है।

सीएम धामी ने कहा कि उनकी कोशिश है कि इस घटनाक्रम को पीछे छोड़कर बातचीत, सौहार्द और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ा जाए।

इस मामले में मुख्यमंत्री धामी ने पहले भी लोगों से विवाद को ज्यादा तूल न देने की अपील की थी। उन्होंने दलेर मेहंदी और मीका सिंह से बातचीत करने की बात कही थी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मीका सिंह से भी फोन पर चर्चा की।

बातचीत के बाद मीका सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर मुख्यमंत्री के प्रति सम्मान जताया। उन्होंने कहा कि सीएम धामी ने खुद फोन कर दलेर मेहंदी से जुड़े मामले पर बात की…जिसकी वह सराहना करते हैं। मीका सिंह ने मुख्यमंत्री को विनम्र और जमीन से जुड़ा व्यक्ति बताया।

मीका सिंह ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वह सुबोध उनियाल से अपने बयान को स्पष्ट करने के लिए एक वीडियो जारी करने और दलेर मेहंदी से माफी मांगने को कहें। मीका सिंह ने यह बात मंत्री के उस कथित बयान के संदर्भ में कही, जिसमें दलेर मेहंदी पर कार्यक्रम के दौरान नशे में होने की बात कही गई थी।

उन्होंने कहा कि गलतफहमियां हो सकती हैं…लेकिन उन्हें बातचीत और शालीनता से दूर किया जा सकता है। मीका सिंह ने उम्मीद जताई कि इस प्रयास से विवाद खत्म होगा और दलेर मेहंदी के सम्मान का ध्यान रखा जाएगा।

यह पूरा मामला नरेंद्रनगर में आयोजित सिद्धपीठ कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की सांस्कृतिक संध्या से जुड़ा है। कार्यक्रम में दलेर मेहंदी प्रस्तुति दे रहे थे। इस दौरान बैकग्राउंड साउंड ट्रैक के इस्तेमाल को लेकर दर्शकों के बीच नाराजगी सामने आई।

विवाद बढ़ने पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और उन्होंने गायक के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की। इसके बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया और कई कलाकारों ने दलेर मेहंदी के समर्थन में प्रतिक्रियाएं दीं।

अब मुख्यमंत्री धामी की दलेर मेहंदी और मीका सिंह से बातचीत के बाद सबकी नजर इस बात पर है कि विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिश किस दिशा में आगे बढ़ती है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top