Dehradun News

देहरादून डूबा पानी में! सड़कों पर बहती नदियां, घरों में कैद बच्चे-बुजुर्ग, देखिए

Dehradunrain
Ad

देहरादून: राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के कई हिस्सों में रविवार रात से ही मूसलाधार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। शहर की गलियों और मोहल्लों में पानी का ऐसा सैलाब उमड़ा कि लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। कई जगह तो सड़कों पर नदियों जैसी धारा बहती दिखी।

ADVERTISEMENTS Ad

बारिश की वजह से कृष्ण एनक्लेव, कैलाशपुर और पिट्टूवाला रोड समेत कई इलाकों में पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि लोगों को घरों से निकलना मुश्किल हो गया। डर के मारे लोग दरवाजे-खिड़कियां बंद कर घरों में कैद हो गए। बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह हालात और भी खतरनाक साबित हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश में यही हाल होता है, लेकिन प्रशासन की तरफ से कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हो पाता। “हर बार बारिश में हमारे घर डूब जाते हैं…लेकिन अब तक समाधान नहीं निकला

मौके की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों को फौरन रवाना किया गया। उन्होंने पानी में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

देहरादून एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि भारी बारिश के चलते पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है। पुलिस टीम लगातार नदी-नालों के किनारे बस्तियों में जाकर लाउडस्पीकर से लोगों को सतर्क कर रही है और उन्हें घरों में रहने की सलाह दे रही है। संवेदनशील इलाकों में तैनात पुलिसकर्मी और एसडीआरएफ की टीमें जरूरत पड़ने पर तुरंत रेस्क्यू कर रही हैं।

पटेल नगर क्षेत्र के भूड़पुर इलाके में भी आसन नदी का जलस्तर बढ़ने से कॉलोनी में पानी घुस गया था। कुछ लोग घरों में फंस गए थे…जिनका पुलिस ने सुरक्षित रेस्क्यू किया।

मौसम विभाग पहले ही राजधानी देहरादून समेत कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी कर चुका था। विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे भी प्रदेश के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। देहरादून के अलावा बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल और पिथौरागढ़ में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी है।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बिना जरूरत घरों से बाहर न निकलें और खासकर नदी-नालों के किनारे जाने से बचें।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top