Dehradun News

उत्तराखंड: महिला को कार में खींचने की कोशिश, झाड़ू लेकर टूट पड़ीं तीन महिलाएं; बदमाशों को खदेड़ा

Ad

Dehradun Crime | Kidnapping Attempt | Women Workers : राजधानी देहरादून में एक महिला के अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है। सहस्रधारा रोड स्थित कानन कुंज के पास कार सवार युवकों ने स्कूटी से जा रही महिला को जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर पास में सफाई कर रहीं तीन महिला कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचीं और उन्होंने झाड़ू के डंडों से आरोपियों का विरोध किया। इसके बाद आरोपी महिला को छोड़कर कार से फरार हो गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

ADVERTISEMENTS Ad

सुबह करीब 6:40 बजे हुई घटना

घटना बुधवार सुबह करीब 6:40 बजे की बताई जा रही है। कानन कुंज निवासी 45 वर्षीय सुषमा वर्मा अपनी बेटी को नालापानी चौक पर छोड़कर स्कूटी से घर लौट रही थीं।

कानन कुंज वाली गली के पास एक काले रंग की कार उनके पास आकर रुकी। पुलिस के अनुसार कार सवार युवकों ने महिला को रोककर जबरन कार के अंदर खींचने की कोशिश की। महिला ने विरोध करते हुए शोर मचाया।

शोर सुनकर मौके पर पहुंचीं महिला सफाई कर्मचारी

महिला की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों का ध्यान घटना की ओर गया। इसी दौरान नगर निगम की महिला सफाई कर्मचारी अनिता, सविता और माया भी मौके पर पहुंचीं।

तीनों ने महिला को बचाने के लिए आरोपियों का विरोध किया और झाड़ू के डंडे से उन्हें खदेड़ने की कोशिश की। अचानक हुए विरोध से आरोपी घबरा गए और महिला को वहीं छोड़कर कार से फरार हो गए।

बिना नंबर प्लेट की कार से पहुंचे थे आरोपी

जानकारी के अनुसार संदिग्ध कार पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस अब कार की पहचान और आरोपियों तक पहुंचने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

संदिग्ध कार सहस्रधारा क्रॉसिंग से घटनास्थल की ओर आती और फिर वापस जाती दिखाई दी है। पुलिस कार के आने-जाने के रास्ते की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

घटना की सूचना मिलने के बाद रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। महिला की शिकायत के आधार पर अपहरण के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए काम कर रही हैं।

पारिवारिक विवाद के एंगल से भी जांच

पुलिस मामले की जांच अलग-अलग पहलुओं से कर रही है। महिला के पति के साथ पारिवारिक विवाद होने की जानकारी भी सामने आई है। इसलिए पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।

हालांकि अभी तक आरोपियों की पहचान नहीं हुई है और घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या थी…यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

महिला सफाई कर्मियों के साहस की चर्चा

घटना के दौरान तीनों महिला सफाई कर्मियों ने बिना देर किए पीड़ित महिला की मदद की। उनके हस्तक्षेप के बाद आरोपी मौके से भाग गए। घटना के बाद इन महिला कर्मियों के साहस की स्थानीय स्तर पर सराहना हो रही है।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।

ADVERTISEMENTS Ad
To Top