Uttarakhand News

नैनीताल वाला प्लान देहरादून में भी अपनाया, डीएम बंसल हॉस्पिटल की लाइन में लगे

Ad

Dehradun News: Ias Savin Bansal: जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की खामियों को सुधारने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सविन बंसल ने शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल कोरोनेशन का औचक निरीक्षण किया। वे निजी वाहन से पहुंचे और आम नागरिक की तरह लाइन में लगकर अपना ओपीडी पर्चा बनवाया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं और सुविधाओं का गहराई से निरीक्षण किया।

ADVERTISEMENTS Ad

जिलाधिकारी के अस्पताल में पहुंचने की खबर मिलते ही अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया और करीब 10 बजे सभी संबंधित अधिकारी अस्पताल में उपस्थित हो गए। सफाई व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और मुख्य चिकित्साधिकारी व प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिए कि अस्पताल में साफ-सफाई और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि दवाइयों के वितरण काउंटर बढ़ाए जाएं और ओपीडी में डॉक्टरों के नाम के डिस्प्ले साइन बोर्ड व्यवस्थित ढंग से लगाए जाएं। उन्होंने चिकित्सा सुविधाओं में सुधार के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए। अस्पताल की सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए उन्होंने मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत की और भर्ती के समय दी गई चिकित्सा सेवाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निक्कू वार्ड, सामान्य वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, डेंगू वार्ड, आईसीयू और इमरजेंसी वार्ड का दौरा किया। उन्होंने भर्ती मरीजों से उनकी स्वास्थ्य स्थिति और डॉक्टरों की देखरेख की जानकारी ली। मरीजों ने बताया कि उन्हें बाहर से दवाइयां नहीं लिखवाई जा रही हैं।

जिलाधिकारी ने अस्पताल स्टाफ से उनकी समस्याओं को भी सुना और ऑपरेशन थिएटर में आवश्यक उपकरणों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अतिरिक्त उपकरणों की जरूरत को लेकर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए और अस्पताल की सभी सुविधाओं की नियमित मॉनिटरिंग और सुधार करने पर जोर दिया। आशा हेल्पलाइन डेस्क पर नियमित रूप से कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी जयभारत सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय जैन, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक वीएस चौहान, सहायक निदेशक बीसी नेगी, और पीआरओ प्रमोद पंवार उपस्थित थे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top