Uttarakhand News

उत्तराखण्ड: शादी से कुछ दिन पहले मंगेतर युवती और युवक ने खत्म की जीवनलीला

Ad

देहरादून: कुछ ही दिन बाद दोनों के एक दूसरे के होने वाले थे। सगाई हो गई थी और शादी की तैयारी चल रही लेकिन किसे पता था कि जिन्हें साथ जीने का वादा करना था उन्होंने साथ में अपनी जीवनलीला खत्म कर दी। किसी बात से नाराज मंगेतर युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर दी, इस घटना के बारे में युवक को जैसे ही पता चला तो उसने भी मौत को गले लगा दिया। इस घटना से पूरे परिवार सदमे में हैं।

घटना डालनवाला कोतवाली क्षेत्र की है। इंदर रोड निवासी सुखमाया और नेहरू कालोनी के नौका दौड़वाला निवासी सूरज थापा के साथ शादी होने वाली थी। 6 महीने पहले सगाई भी हो गई थी। बताया जा रहा है कि सूरज नशे की लत में था और सुखमाया इस बात से निराश थी। वो पिछले कुछ महीनों से अपने जीवन साथी के चुनाव को लेकर कुछ परेशान थी। सूरज के नशे की लत के कारण दोनों के बीच विवाद होता था और बुधवार को भी ऐसा ही हुआ। सुखमाया ने दोपहर बारह बजे के करीब अपने घर में ही फांसी लगा ली। परिजन सुखमाया को फंदे से उतारकर दून अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया। सुखमाया ने दो माह पहले भी खुदकुशी का प्रयास किया था। लेकिन, किसी तरह उसकी जान बच गई थी।

उधर, सुखमाया की मौत की खबर मिलते ही सूरज थापा बदहवास हो गया। इसी हालत में दोपहर करीब तीन बजे उसने भी दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। घर में उस समय सिर्फ उसकी मां थी। मां कमरे में पहुंची तो बेटे को फंदे से लटका देख चीख पड़ीं। परिजन सूरज को अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। शाम को साढ़े पांच बजे के करीब सूरज के भाई अंकित थापा ने डालनवाला पुलिस को इसकी जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक नगर श्वेता चौबे ने बताया कि घटना की सूचना काफी देर से मिली। देर रात ही साफ हो पाया कि दोनों की सगाई हो चुकी थी।  पुलिस की जांच में सामने आया है कि सुखमाया अपने जीवन साथी को लेकर असंतुष्ट थी। इन दोनों घटनाओं ने परिवार को पूरी तरह से तोड़ दिया है। पुलिस का कहना है कि सभी के सामान्य होने के बाद आत्महत्या के कारण पता लगाया जाएगा।

फोटो सोर्स-अमर उजाला

ADVERTISEMENTS Ad
ADVERTISEMENTS Ad
To Top