CM Corner

सऊदी अरब में फंसे टिहरी के इंद्रमणि की वापसी के लिए धामी ने विदेश मंत्री से मांगी मदद

Ad

Saudi Arabia | Tehri | Uttarakhand : सऊदी अरब में मुश्किल परिस्थितियों में रह रहे टिहरी गढ़वाल के इंद्रमणि नौटियाल की स्वदेश वापसी के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहल की है। मुख्यमंत्री ने विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को पत्र लिखकर भारत सरकार के स्तर से मामले में जल्द कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

ADVERTISEMENTS Ad

मुख्यमंत्री ने इंद्रमणि को जरूरी न्यायिक और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ उन्हें सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए विदेश मंत्रालय से प्रभावी हस्तक्षेप की मांग की है।

2018 में रोजगार के लिए गए थे सऊदी

इंद्रमणि नौटियाल टिहरी गढ़वाल के जौनपुर ब्लॉक के ग्राम गौरसाड़ा के रहने वाले हैं। वह वर्ष 2018 में रोजगार के लिए सऊदी अरब गए थे। वहां वह रियाद की एक कंपनी में ट्रक चालक के रूप में काम कर रहे थे।

इसी दौरान वर्ष 2018 में एक गंभीर सड़क दुर्घटना हुई। मामले में सऊदी अरब की न्यायिक प्रक्रिया के तहत इंद्रमणि को एक साल की सजा हुई थी। वहीं ट्रक के बीमा और पंजीकरण से जुड़ी कमी के मामले में कंपनी मालिक पर 9 लाख सऊदी रियाल, यानी करीब 2.29 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया था।

जुर्माने को लेकर बनी मुश्किल

मुख्यमंत्री के पत्र के अनुसार घटना के कई साल बाद भी जुर्माने की राशि का भुगतान नहीं किया गया है। इंद्रमणि को कथित तौर पर बंधक जैसी स्थिति में रखकर जुर्माना भरने का दबाव बनाया जा रहा है।

उनकी पत्नी और बेटी ने भी उनकी वापसी के लिए कई स्तरों पर प्रयास किए हैं। परिवार इस स्थिति के कारण मानसिक और आर्थिक परेशानी से गुजर रहा है।

धामी ने विदेश मंत्रालय से मांगा मानवीय हस्तक्षेप

मुख्यमंत्री धामी ने विदेश मंत्री से पूरे मामले में तत्काल कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। उन्होंने इंद्रमणि को आवश्यक सहायता दिलाने और उनकी सुरक्षित स्वदेश वापसी सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने की मांग की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेश में कठिन परिस्थितियों में फंसे किसी भी उत्तराखंडी नागरिक की मदद के लिए राज्य सरकार हर संभव प्रयास करेगी।

ADVERTISEMENTS Ad
To Top