
Char Dham Yatra | Food Safety Uttarakhand | Clean Food Initiative | Mobile Food Testing Van | Green Yatra : चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को अब साफ और शुद्ध भोजन मिले…इसके लिए सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने यात्रा मार्ग पर क्विक रिस्पांस टीम और मोबाइल फूड सेफ्टी वैन तैनात कर दी हैं।
विभाग ने कहा कि यात्रा मार्ग के होटल और ढाबों में खाने की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की तैनाती रोटेशन के आधार पर की गई है। ये अधिकारी समय-समय पर खाद्य पदार्थों की जांच करेंगे और नियमों का पालन सुनिश्चित करेंगे।
इसके साथ ही होटल, ढाबा संचालकों और खाद्य कारोबारियों को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है…ताकि तीर्थयात्रियों को ताजा और मिलावट रहित भोजन मिल सके। अब तक उत्तरकाशी, श्रीनगर, देवप्रयाग, चंबा, रुद्रप्रयाग समेत कई स्थानों पर 250 से ज्यादा कारोबारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
यात्रियों की सुविधा के लिए शिकायत निवारण हेतु टोल फ्री नंबर 18001804246 जारी किया गया है। किसी भी प्रकार की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
सरकार चारधाम यात्रा को “ग्रीन यात्रा” के रूप में संचालित करने पर भी जोर दे रही है। इसके तहत सिंगल यूज प्लास्टिक को कम करने और “Reduce, Reuse, Recycle” के सिद्धांत को अपनाने पर काम किया जा रहा है।
सरकार का कहना है कि हर साल लाखों श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर आते हैं….इसलिए उनका सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर अनुभव सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।






