
Uttarakhand: Lalkuan: Mumbai: Train: उत्तराखंड से मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। लालकुआं-काठगोदाम और मुंबई सेंट्रल के बीच संचालित होने वाली सुपरफास्ट साप्ताहिक विशेष ट्रेन को अब नियमित एक्सप्रेस ट्रेन का दर्जा दे दिया गया है। नई नियमित सेवा 27 मई 2026 से शुरू हो गई है, जिससे यात्रियों को स्थायी और सुविधाजनक यात्रा विकल्प मिलेगा।
रेलवे द्वारा पहले चलाई जा रही 09075/09076 काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट साप्ताहिक विशेष गाड़ी को अब नियमित रूप से गाड़ी संख्या 21907/21908 के रूप में संचालित किया जाएगा।
गाड़ी संख्या 21907 मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम सुपरफास्ट साप्ताहिक एक्सप्रेस 27 मई से प्रत्येक बुधवार को मुंबई सेंट्रल से रवाना होगी। वहीं, गाड़ी संख्या 21908 काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट साप्ताहिक एक्सप्रेस 28 मई से प्रत्येक बृहस्पतिवार को काठगोदाम से संचालित होगी।
रेलवे के अनुसार, 21908 काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस काठगोदाम से शाम 5:30 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन हल्द्वानी से शाम 5:48 बजे, लालकुआं से शाम 6:25 बजे और किच्छा से शाम 6:52 बजे रवाना होगी। मार्ग में ट्रेन इज्जतनगर, बरेली जंक्शन, बदायूं, कासगंज, मथुरा, भरतपुर, कोटा, रतलाम, वडोदरा और सूरत समेत कुल 22 स्टेशनों पर ठहराव लेगी। ट्रेन अगले दिन रात 9 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी।
इस नियमित सेवा से उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। खासतौर पर कामकाजी लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों के लिए यह ट्रेन बड़ी सुविधा साबित होगी।
ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे। इनमें दो जीएसएलआरडी कोच, चार सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच, सात शयनयान श्रेणी, चार वातानुकूलित तृतीय श्रेणी तथा एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का कोच शामिल रहेगा।






