Election Talks

हरीश रावत का प्रहार, भाजपा ने लालकुआं में विकास किया तो सीटिंग विधायक का टिकट क्यों काटा

लालकुआं- पूर्व मुख्यमंत्री और लालकुआं से कांग्रेस प्रत्याशी हरीश रावत शुक्रवार सुबह से ताबड़तोड़ प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने विधानसभा के अलग-अलग क्षेत्रों में सभाएं कि और कांग्रेस के विजन के बारे में अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर पांच साल जनता का शोषण करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने विकास के नाम पर वोट मांगे और जनता के साथ छल किया। हरीश रावत ने कहा कि जनता ये सब समझ चुकी है और परिवर्तन का मन बना चुकी है। कांग्रेस लालकुआं समेत पूरे उत्तराखंड को विकास के मार्ग पर तेज गति से दौड़ाने में सक्षम है।

हरीश रावत ने शुक्रवार को पहले अपने तीनपानी स्थित कैंप कार्यालय में कार्यकर्ताओं और आम जनता से रूबरू हुए। इसके बाद उन्होंने स्वामी बिहार चौधरी कॉलोनी से प्रचार अभियान की शुरुआत की। स्वामी विहार, अलकनंदा कॉलोनी, धौलाखेड़ा, गोरा पड़ाव, खड़कपुर में हुई अलग-अलग सभाओं में रावत ने कहा कि भाजपा ने पर निशाना साधा और विकास के नाम पर मुख्यमंत्री बदलने की बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य में बेरोजगारी बढ़ गई है। भाजपा ने लालकुआं में विकास किया होता तो लालकुआं के सीटिंग विधायक का टिकट नहीं काटा जाता।

बेरोजगारी में उत्तराखंड देश में नंबर वन पर है। भ्रष्टाचार में भी उत्तराखंड इस समय नंबर एक में है। कोई नदी ऐसी नहीं है जिसमें भाजपा ने खनन ना किया हो। गैस का सिलेंडर जो कांग्रेस के समय में सवा 4 सौ था वह आज हजार रुपये छू रहा है। खाने का तेल जो कांग्रेस के समय में 58 रुपए की शीशी थी आज वह 200 रुपए हो गई है। दालें और अन्य खाद्य सामग्रियां तो दूर महंगी नमक महंगा कर दिया। भाजपा ने 5 साल बर्बाद कर दिए। कांग्रेस ने जन कल्याण की जितनी भी जन योजनाएं बनाई थी वह भाजपा ने या तो बदल दी या फिर बंद कर दी। एक परिवार एक पेंशन के नाम पर वृद्ध महिलाओं की पेंशन बंद कर दी। आज उत्तराखंड में गरीब का अस्तित्व खतरे में आ गया है। पिछले 5 सालों में गरीब और गरीब हुआ है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनेगी तो हम गरीब परिवारों को ऊपर उठाने का काम करेंगे। प्रदेश में 5 लाख ऐसे गरीब परिवार हैं जिन्हें कांग्रेस सरकार हर साल 40 हजार रुपए उनके खातों में देगी। रावत ने कहा बनाओ-बनाओ कांग्रेस की सरकार, गैस का सिलेंडर नहीं होगा 500 के पार। हम युवाओं के लिए रोजगार और महिलाओं के लिए स्वरोजगार का रास्ता बनाएंगे। पूर्व मंत्री यशपाल आर्य ने कहा कि इस बार जनता प्रदेश में भाजपा के कुशासन से छुटकारा पाने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि क्या लाल कुआं की जनता का सौभाग्य है कि उन्हें हरीश रावत जैसे जनप्रिय नेता को विधायक चुनने का अवसर मिला है। पूर्व मंत्री हरीश दुर्गापाल और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हरेंद्र बोरा ने कहा कि इस बार जनता अपना विधायक ही नहीं बल्कि मुख्यमंत्री चुनने का काम करेगी। जनता को यह अवसर अपने हाथ से गवाना नहीं है। चुनावी सभाओं में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

To Top