Sports News

टीम इंडिया वर्ल्ड कप से बाहर, सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर गए MS DHONI और OREO

हल्द्वानी, मंथन रस्तोगी: भारतीय टीम के टी20 विश्व कप 2022 के सेमीफाइनल मुकाबले में हारने के बाद एक और सपना टूट गया है। एक बार फिर भारतीय फैंस का दिल बैठ गया है। इंग्लैंड ने टीम इंडिया को दस विकेट से हराकर बाहर कर दिया है। मगर टीम इंडिया की हार के बाद सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई है। फैंस इस समय केवल एक ही खिलाड़ी को याद कर रहे हैं और उस शख्स का नाम है महेंद्र सिंह धोनी।

फैंस धोनी को धन्यवाद कहते हुए लिख रहे हैं कि आप ही थे जो हमें इतनी ट्रॉफी जिता सकते थे। आप जैसा कभी कोई नहीं आएगा। उल्लेखनीय है कि महेंद्र सिंह धोनी अब भी विश्व के इकलौते कप्तान हैं, जिन्होंने आईसीसी की तीन ट्रॉफी जीती हैं। साल 2007 विश्व कप में धोनी ने टीम इंडिया को खिताब जिताया था। उसके बाद साल 2011 वनडे वर्ल्ड कप और साल 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी, माही ने टीम को हर वो खुशी दी, जो भारत को चाहिए थी।

भारतीय टीम साल 2013 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद एक भी आईसीसी ट्रॉफी पर कब्जा नहीं कर सकी है। 2014 टी20 विश्व कप फाइनल, 2015 एकदिवसीय विश्व कप सेमी फाइनल, 2016 टी20 विश्व कप सेमी फाइनल, 2017 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल, 2019 एकदिवसीय विश्व कप सेमी फाइनल, 2021 आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल। इन सभी मुकाबलों में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा है।

फैंस ओरिओ बिस्किट को भी याद कर रहे हैं। दरअसल धोनी ने विश्व कप से पहले ओरियो का नया कुकीज लॉंच किया था और साल 2011 के विश्व कप से समानता की बात कही थी। कहा था कि तब भी ओरियो लांच हुआ था और अब भी हो रहा है। इसके बाद तो फैंस ने 2011 से 2022 के बीच ऐसी ऐसी तुलना कर डाली कि हर कोई सक्ते में पड़ गया। मगर अब इंडिया टूर्नामेंट से बाहर हो गई है।

बहरहाल, आज जरूर एक करारी शिकस्त के बाद टीम बाहर हो गई है। इसमें कोई दोराय नहीं कि टीम की प्लानिंग, अप्रोच में खामियां रहीं। मगर हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि इसी टीम ने हमें खुशियां भी दी हैं। 23 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ पहला मुकाबला जीतकर भारत ने पिछले साल हुए विश्व कप में पाक से मिली हार का बदला लिया था। इसी दमदार जीत ने करोड़ो भारतीयों की ज़ख्म भरे थे। यह वो समय है, जब हमें साथ रहना है। वैसे भी धोनी हमेशा कहा करते थे, “मुझे अपने जीवन में किसी भी बात का पछतावा नहीं है। व्हाट डजंट किल यू मेक्स यू स्ट्रोंगर”।

To Top