Nainital-Haldwani News

पत्रकार एकादश के सामने 87 रनों पर ऑल आउट, प्राधिकरण एकादश पर बारिश रही मेहरबान

Ad

हल्द्वानी: हल्द्वानी के एमएस क्रिकेट ग्राउंड, गौलापार में पत्रकार एकादश और प्राधिकरण एकादश के बीच खेला गया मैत्री क्रिकेट मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। हालांकि मैच का परिणाम नहीं निकल सका, लेकिन पत्रकार एकादश के गेंदबाजों ने अपने शानदार प्रदर्शन से मुकाबले पर पूरी तरह पकड़ बनाए रखी।

टॉस जीतकर प्राधिकरण एकादश के कप्तान मनीष कुमार ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन उनकी टीम की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। पहले ही ओवर में दो बल्लेबाज रन आउट होकर पवेलियन लौट गए, जिससे टीम शुरुआती दबाव में आ गई। इसके बाद राधे, हर्ष, अंकित और राकेश ने सटीक गेंदबाजी करते हुए एक-एक विकेट झटककर प्राधिकरण की पारी को संभलने का मौका नहीं दिया।

पारी के 10वें ओवर के बाद गेंदबाजी के लिए आए पत्रकार एकादश के कप्तान दिनेश पांडे ने अपनी धारदार गेंदबाजी से मैच का रुख ही बदल दिया। उन्होंने महज 1.2 ओवर में केवल 4 रन खर्च कर 4 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए और विपक्षी बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

प्राधिकरण एकादश की ओर से रोहित ने सर्वाधिक 23 रन बनाए, जबकि कप्तान मनीष कुमार ने 15 और इमरान ने 13 रनों का योगदान दिया। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका और पूरी टीम 13.2 ओवर में 87 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

88 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पत्रकार एकादश ने अभी दो ही गेंदें खेली थीं कि तेज बारिश शुरू हो गई। अंपायरों ने तत्काल खेल रोक दिया। काफी देर इंतजार के बाद भी मैदान खेलने योग्य नहीं हो सका, जिसके चलते मैच को रद्द घोषित करना पड़ा।

भले ही मुकाबले का नतीजा नहीं निकल सका, लेकिन पत्रकार एकादश के गेंदबाजों का अनुशासित प्रदर्शन पूरे मैच का मुख्य आकर्षण रहा। विशेष रूप से कप्तान दिनेश पांडे की घातक गेंदबाजी ने सभी को प्रभावित किया। मैच के अंत में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय देते हुए एक-दूसरे के प्रदर्शन की सराहना की और भविष्य में फिर से मुकाबला खेलने की उम्मीद जताई।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top