Pithoragarh News

पिथौरागढ़ के बच्चों का कमाल जारी है, डीडीहाट की गीतिका चुफाल बनीं फ्लाइंग ऑफिसर

Geetika Chuphal story:- उत्तराखण्ड राज्य की बेटियां आज अपने हुनर के दम पर हर आयाम हासिल कर रही हैं। राज्य की ये होनहार बेटियां आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। सैन्य क्षेत्रों में तक में उत्तराखण्ड की बेटियों की बढ़ती संख्या किसी उपलब्धि से कम नहीं है। इसी कड़ी में आज हम आपको राज्य के उधमसिंह नगर जिले की रहने वाली एक बेटी से रूबरू कराने जा रहे जिन्होंने फ्लाइंग ऑफिसर बनने का मुकाम हासिल किया है। हम बात कर रहे हैं खटीमा तहसील क्षेत्र की रहने वाली गीतिका चुफाल की। गीतिका का चयन भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग अफसर के पद पर हो गया है। अपनी इस अभूतपूर्व उपलब्धि से उन्होंने अपने माता-पिता के साथ ही समूचे प्रदेश को भी गौरवान्वित किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गीतिका चुफाल मूल रूप से राज्य के पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट तहसील क्षेत्र के सीणी गांव की रहने वाली है।‌ वे एक सैन्य परिवार से ताल्लुक रखती हैं। गीतिका का परिवार वर्तमान में राज्य के उधमसिंह नगर जिले के खटीमा तहसील क्षेत्र के वार्ड नंबर 18 टीचर्स कालोनी में रहता है। उनके पिता बलबीर सिंह चुफाल एक पूर्व सैनिक हैं जबकि उनकी मां पुष्पा चुफाल एक कुशल गृहिणी हैं।

गीतिका ने अपनी इंटरमीडिएट तक की शिक्षा सर्राफ पब्लिक स्कूल से प्राप्त की है। इसके उपरांत वर्ष 2015 से 2019 तक उन्होंने आर्मी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल, पूणे से बीटेक किया। इस के बाद उन्होंने एयर फोर्स टेक्निकल कॉलेज (एएफटीसी) बंगलुरु से ऐरोनोटिकल इंजीनियरिंग इलेक्ट्रानिक (एसीईई) शाखा से प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके पश्चात उन्होंने अप्रैल 2022 तक उड़ चलो निजी कंपनी में बतौर इंजीनियर कार्य किया और जून 2022 से दिसंबर 2022 तक हैदराबाद में प्रशिक्षण लिया। जिसके उपरांत दिसंबर 2022 में उन्होंने एएफटीसी बंगलुरु में एसीईई शाखा में अपना प्रशिक्षण शुरू किया और बीते दिनों फ्लाइंग अफसर बनने का मुकाम हासिल किया। गीतिका की इस अभूतपूर्व उपलब्धि से जहां उनके परिवार में हर्षोल्लास का माहौल है, वहीं उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

To Top