
Uttarakhand News | PCS Officer | VRS | UttamKumar : उत्तराखंड में एक वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी के फैसले ने रोजगार व्यवस्था को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है। युवाओं को उनकी योग्यता के मुताबिक रोजगार के अवसर नहीं दिला पाने का मलाल जताते हुए 47 वर्षीय पीसीएस अधिकारी उत्तम कुमार ने सरकारी नौकरी छोड़ने का फैसला किया है। करीब 22 साल तक प्रशासनिक सेवा में रहने के बाद उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ले ली है।

उत्तम कुमार ने मई 2026 में ही वीआरएस के लिए सरकार को आवेदन दिया था। राज्य स्थापना दिवस यानी 9 नवंबर को सरकार ने उनका आवेदन स्वीकार कर लिया। वह वर्तमान में पौड़ी गढ़वाल जिले के लैंसडाउन में सेवायोजन अधिकारी के पद पर तैनात थे। इससे पहले वह हरिद्वार समेत प्रदेश के कई जिलों में जिला सेवायोजन अधिकारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
सरकारी सेवा से विदाई के बाद उत्तम कुमार ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर अपने फैसले की वजह बताई। उन्होंने युवाओं को उनकी योग्यता के मुताबिक रोजगार उपलब्ध नहीं करा पाने पर अफसोस जताया।
उनकी पोस्ट का संदेश था कि जब युवाओं को रोजगार ही नहीं दिला पा रहे हैं तो रोजगार अधिकारी बने रहने का क्या औचित्य है। उन्होंने यह भी कहा कि नए रास्तों और नई मंजिल की ओर बढ़ने के लिए यह फैसला उन्हें हौसला देगा।
उत्तम कुमार ने सेवायोजन विभाग में रहते हुए युवाओं के लिए रोजगार मेलों, करियर काउंसलिंग और रोजगार से जुड़ी कई गतिविधियों में काम किया। लंबे समय तक इस विभाग से जुड़े रहने के कारण रोजगार के अवसरों और युवाओं की जरूरतों को उन्होंने करीब से देखा।
उनके वीआरएस लेने और सार्वजनिक रूप से अपनी पीड़ा जाहिर करने के बाद प्रदेश में रोजगार व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
उत्तम कुमार के वीआरएस लेने के बाद उनके अगले कदम को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले उनके सरकारी सेवा छोड़ने के फैसले को राजनीतिक नजरिये से भी देखा जा रहा है। हालांकि उनके राजनीति में आने या किसी राजनीतिक दल से जुड़ने की अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वह आगे किस क्षेत्र में काम करेंगे।





