Uttarakhand News

गोमुख-तपोवन में फंसे 121 ट्रेकर्स सुरक्षित निकाले गए, 136 पर्वतारोहियों के लिए हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू शुरू,चारधाम यात्रा भी शुरू

Ad

Gomukh Trek Rescue | Uttarkashi | Char Dham Yatra : उत्तरकाशी में मौसम खराब होने के बाद गोमुख-तपोवन ट्रेक पर फंसे 121 ट्रेकर्स को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। गंगोत्री नेशनल पार्क और वन विभाग की टीम ने मुश्किल हालात के बीच अभियान चलाकर सभी ट्रेकर्स को सुरक्षित गंगोत्री धाम पहुंचाया। इसके बाद सभी को उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

बताया गया कि पिछले दो-तीन दिनों में 121 लोग गोमुख और तपोवन क्षेत्र में ट्रेकिंग और कैंपिंग के लिए गए थे। शनिवार दोपहर बाद अचानक क्षेत्र में भारी बर्फबारी शुरू हो गई। लगातार बर्फबारी के कारण ट्रेक के कई हिस्सों में आवाजाही मुश्किल हो गई और ट्रेकर्स की सुरक्षित वापसी चुनौती बन गई।

वन विभाग ने चलाया रेस्क्यू अभियान

मामले की जानकारी मिलने के बाद उच्च अधिकारियों के निर्देश पर वन विभाग की टीम ने रविवार को रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कनखू बैरियर के प्रभारी वन दारोगा राजवीर रावत के मुताबिक लगातार बर्फबारी के साथ ट्रेक के कई हिस्सों में हिमस्खलन का खतरा भी बना हुआ था।

इसके बावजूद वन विभाग की टीम ने सावधानी के साथ अभियान चलाया। टीम ने गोमुख और तपोवन क्षेत्र में मौजूद सभी 121 ट्रेकर्स को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें गंगोत्री पहुंचाया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान मौसम और ट्रेक की स्थिति को देखते हुए टीम ने विशेष सतर्कता बरती।

136 लोगों के लिए भी रेस्क्यू अभियान

उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में फंसे 136 ट्रेकर्स के लिए भी रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया है। इनमें हाई अल्टीट्यूड एक्सपीडिशन के 89 सदस्य, कालिंदी पास बेस कैंप में हाई अल्टीट्यूड ट्रेकिंग के 18 सदस्य और ऑडन कोल पास बेस कैंप में 29 सदस्य शामिल हैं।

इन लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हर्षिल में तीन हेलीकॉप्टरों ने उड़ान भरी और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक अब तक 21 ट्रेकर्स को रेस्क्यू कर हर्षिल लाया जा चुका है।

दो दिन बाद फिर शुरू हुई चारधाम यात्रा

खराब मौसम के कारण पिछले दो दिनों से रोकी गई चारधाम यात्रा भी सोमवार को मौसम साफ होने के बाद दोबारा शुरू कर दी गई। बारिश थमने के बाद यमुनोत्री हाईवे पर श्रद्धालुओं से भरे वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई।

चारधाम यात्रा नियंत्रण संगठन, ऋषिकेश से मिले निर्देशों के बाद प्रतिकूल मौसम को देखते हुए यात्रा पर रोक लगाई गई थी। सोमवार 28 सितंबर को मौसम अनुकूल होने पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्या के निर्देश पर यह रोक हटा दी गई।

इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए चारधाम यात्रा फिर से शुरू कर दी गई है।

अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश

यात्रा शुरू होने के बाद प्रशासन ने पुलिस और तहसील प्रशासन को यात्रा व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए हैं। संबंधित विभागों और यात्रा नोडल अधिकारियों को यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं का ध्यान रखने के लिए सतर्क रहने को कहा गया है।

अधिकारियों को मौसम और यात्रा मार्ग की स्थिति पर लगातार नजर रखने के साथ आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

हाईवे पर भी शुरू हुई आवाजाही

मौसम साफ होने के बाद यमुनोत्री हाईवे समेत यात्रा मार्गों पर वाहनों की आवाजाही सामान्य होने लगी है। हालांकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश का असर देखते हुए प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा को लेकर निगरानी बनाए हुए है।

गोमुख-तपोवन से 121 ट्रेकर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया है…जबकि अन्य उच्च हिमालयी क्षेत्रों में फंसे 136 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।

Ad
To Top