CM Corner

खुशखबरी: मेरठ से ऋषिकेश तक दौड़ेगी नमो भारत ट्रेन, ढाई घंटे में पूरा होगा सफर

Ad

Namo Bharat Train | Meerut Rishikesh RRTS |Pushkar Singh Dhami : उत्तराखंड के लोगों और तीर्थयात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मेरठ के मोदीपुरम से ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन (आरआरटीएस) चलाने की दिशा में महत्वपूर्ण सहमति बन गई है। उत्तराखंड सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) इस परियोजना को आगे बढ़ाने पर सहमत हो गए हैं। अब जल्द ही विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए सर्वे शुरू किया जाएगा।

दिल्ली से मेरठ के मोदीपुरम तक नमो भारत ट्रेन का संचालन पहले ही शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार इस सेवा को उत्तराखंड तक बढ़ाने की मांग कर रहे थे। उन्होंने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर इस संबंध में प्रस्ताव भी दिया था। इसके बाद ट्रेन को मोदीपुरम से ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक विस्तारित करने पर सहमति बनी।

परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए उत्तराखंड सरकार ने अपर सचिव रीना जोशी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। एनसीआरटीसी ने भी अपना नोडल अधिकारी तय कर दिया है। उत्तर प्रदेश सरकार की सहमति मिलने के बाद अब करीब 150 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित ट्रैक के सर्वे की तैयारी शुरू हो गई है।

प्रस्ताव के अनुसार नया ट्रैक मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से शुरू होकर मुजफ्फरनगर, रुड़की और हरिद्वार होते हुए ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक जाएगा। इस परियोजना का लगभग 72 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश और 78 किलोमीटर हिस्सा उत्तराखंड में होगा।

नमो भारत ट्रेन शुरू होने से दिल्ली और उत्तराखंड के बीच यात्रा पहले से कहीं अधिक तेज और सुविधाजनक हो जाएगी। वर्तमान में दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचने में सड़क मार्ग से लगभग 5 से 6 घंटे लगते हैं…जबकि हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन के संचालन के बाद यह सफर करीब ढाई से तीन घंटे में पूरा किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेरठ से ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन सेवा का विस्तार राज्य की कनेक्टिविटी को नई मजबूती देगा। इससे तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को आधुनिक, सुरक्षित और तेज परिवहन सुविधा मिलेगी। साथ ही राज्य में विकास और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top