Dehradun News

जंगल के रखवालों के लिए सरकार का बड़ा तोहफा, रायपुर में बनेगी उत्तराखंड की पहली फॉरेस्ट लाइन

Ad

Forest Line | Dehradun | Uttarakhand : उत्तराखंड में वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य की पहली फॉरेस्ट लाइन बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया गया है। सरकार ने इस परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। पहली फॉरेस्ट लाइन देहरादून के रायपुर क्षेत्र में विकसित की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, इस परियोजना के तहत रायपुर के भोपालपानी क्षेत्र में करीब 60 हेक्टेयर भूमि पर आधुनिक आवासीय परिसर बनाया जाएगा। यहां लगभग 2,000 वनकर्मियों और 50 भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारियों के लिए आवास तैयार किए जाएंगे।

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से कर्मचारी एक ऐसे एकीकृत आवासीय परिसर की मांग कर रहे थे, जहां उनके परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकें। इसी उद्देश्य से फॉरेस्ट लाइन की योजना तैयार की गई है।

परियोजना में सिर्फ आवास ही नहीं…बल्कि अस्पताल, विद्यालय, सामुदायिक भवन, सड़क, पेयजल, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इससे वनकर्मियों और उनके परिवारों को बेहतर जीवन सुविधाएं मिलेंगी।

मसूरी वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी अमित कंवर ने बताया कि परियोजना के लिए स्थान का चयन कर लिया गया है। अब भूमि हस्तांतरण और अन्य प्रशासनिक व तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।

वन विभाग का मानना है कि इस परियोजना से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और दूरदराज के क्षेत्रों में तैनात वनकर्मियों के परिवारों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवास उपलब्ध हो सकेगा।

राज्य सरकार भविष्य में गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में भी इसी तरह की फॉरेस्ट लाइन विकसित करने की योजना पर काम कर रही है। फिलहाल रायपुर में बनने वाली पहली फॉरेस्ट लाइन को इस दिशा में एक बड़ी पहल माना जा रहा है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top