Dehradun News

उत्तराखंड में लाखों राशन कार्ड धारकों के लिए बड़ी खुशखबरी! एक साथ मिलेगा 3 महीने का राशन

RationDistribution
Ad

MonsoonAlert | RationDistribution | UttarakhandNews : आगामी मानसून को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने खाद्यान्न आपूर्ति को लेकर विशेष तैयारी पूरी कर ली है। भारी बारिश, भूस्खलन और सड़कें बंद होने जैसी संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में पहले से ही पर्याप्त राशन पहुंचा दिया गया है।

ADVERTISEMENTS Ad

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अनुसार राज्य के दुर्गम इलाकों में जुलाई, अगस्त और सितंबर माह का राशन सुरक्षित भंडारित कर दिया गया है। सरकार ने निर्णय लिया है कि एक जुलाई से तीन महीने के राशन का वितरण शुरू किया जाएगा…ताकि बारिश के दौरान लोगों को खाद्यान्न की कमी का सामना न करना पड़े।

अधिकारियों का कहना है कि मानसून के दौरान कई बार भूस्खलन और सड़क अवरोध के कारण दूरस्थ क्षेत्रों का संपर्क मुख्य मार्गों से कट जाता है। ऐसे समय में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पहले से खाद्यान्न भंडारण की व्यवस्था की गई है।

इस बार चारधाम यात्रा मार्ग से जुड़े जिलों को विशेष प्राथमिकता दी गई है। यात्रा सीजन और मानसून एक साथ होने के कारण इन क्षेत्रों के सभी प्रमुख गोदामों में समय से पहले खाद्यान्न का पूरा भंडारण सुनिश्चित किया गया है।

खाद्य विभाग ने सभी जिला आपूर्ति अधिकारियों को राशन वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त बफर स्टॉक भी सुरक्षित रखा गया है।

अपर आयुक्त खाद्य पी.एस. पांगती ने कहा कि मानसून को देखते हुए तैयारियां कई सप्ताह पहले शुरू कर दी गई थीं। विभाग का लक्ष्य है कि जुलाई माह के दौरान ही पात्र लाभार्थियों तक तीनों महीनों का राशन पहुंचा दिया जाए।

सरकार का मानना है कि मानसून के दौरान खाद्यान्न की निर्बाध उपलब्धता आपदा प्रबंधन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी उद्देश्य से विभागीय अधिकारियों और जिला प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top