
Uttarakhand Police Recruitment | Police Jobs | Government Jobs : उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। पुलिस विभाग में जल्द नई भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों और पुलिस की विभिन्न इकाइयों से खाली पड़े पदों की ताजा जानकारी मांगी है।
जानकारी के अनुसार सभी जिलों से रिक्त पदों का विवरण मिलने के बाद भर्ती का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। इसके बाद संबंधित भर्ती एजेंसी को अधियाचन भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। विभाग की कोशिश है कि आवश्यक प्रक्रिया समय पर पूरी कर भर्ती शुरू की जा सके।
बताया जा रहा है कि पुलिस मुख्यालय जिला पुलिस, पीएसी, आईआरबी और अन्य शाखाओं में स्वीकृत तथा रिक्त पदों का मिलान कर रहा है। कांस्टेबल, हेड कांस्टेबल, उपनिरीक्षक और अन्य पदों पर कितनी रिक्तियां हैं…इसका अंतिम आंकड़ा रिपोर्ट मिलने के बाद स्पष्ट होगा।
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने पुलिस कांस्टेबल के 2000 पदों पर भर्ती निकाली थी। चयनित अभ्यर्थी वर्तमान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं…और जल्द ही उनकी तैनाती की जाएगी।
पुलिस विभाग में अभी भी कांस्टेबल से लेकर निरीक्षक स्तर तक बड़ी संख्या में पद खाली बताए जा रहे हैं। नई पुलिस इकाइयों के गठन और बढ़ती जिम्मेदारियों के कारण अतिरिक्त पुलिस बल की आवश्यकता महसूस की जा रही है। खासकर यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नई भर्ती को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी जिलों से रिक्त पदों का पूरा विवरण मांगा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद वास्तविक रिक्तियों की संख्या तय होगी और उसी के आधार पर आगे की भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।






