
Uttarakhand Colleges | College Gym | Sports Equipment: युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें खेलों से जोड़ने के लिए उत्तराखंड में उच्च शिक्षा विभाग नई पहल करने जा रहा है। प्रदेश के 114 राजकीय महाविद्यालयों में जिम की व्यवस्था करने की तैयारी है। इसके साथ ही कॉलेजों में आधुनिक और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप खेल सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इस योजना के तहत करीब 28.82 करोड़ रुपये की लागत से जिम और खेलों का सामान कॉलेजों को दिया जाएगा। इसके लिए उच्च शिक्षा विभाग ने दिल्ली की संजीवनी विकास जनकल्याण समिति के साथ एमओयू किया है। संस्था अपनी सामाजिक सहयोग निधि से यह राशि उपलब्ध कराएगी।
सभी कॉलेजों से मांगे गए प्रस्ताव
योजना को लागू करने के लिए प्रदेश के सभी संबंधित राजकीय महाविद्यालयों से प्रस्ताव मांगे गए हैं। विभाग की ओर से कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद कॉलेजों में जिम और खेल सामग्री स्थापित करने की तैयारी है।
इससे छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के साथ नियमित व्यायाम और खेलों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। विभाग का मानना है कि इससे युवाओं के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ खेल प्रतिभाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।
कॉलेजों में मिलेगी आधुनिक खेल सामग्री
योजना के तहत कॉलेजों को कई तरह के जिम और खेल उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें वेटलिफ्टिंग मेन्स ओलिंपिक सेट, वेटलिफ्टिंग विमेंस ओलिंपिक सेट, प्रोफेशनल हाफ केज विद बेंच, ओलिंपिक वेटलिफ्टिंग प्लेटफार्म, ओलिंपिक डंबल सेट और प्रोफेशनल डंबल सेट शामिल हैं।
इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय मानकों वाली वॉलीबाल पोल, नेट और वॉलीबाल भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
पढ़ाई के साथ खेलों को मिलेगा बढ़ावा
उच्च शिक्षा विभाग का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर खेल और स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करना है। विभाग के अधिकारियों के अनुसार कॉलेजों में बेहतर खेल सुविधाएं मिलने से विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा विकसित करने का अवसर मिलेगा।
उच्च शिक्षा के संयुक्त निदेशक प्रो. एएस उनियाल ने कहा कि सभी कॉलेजों से प्रस्ताव मांगे जा चुके हैं और जल्द ही प्रक्रिया पूरी कर जिम व खेल सामग्री उपलब्ध कराने का काम शुरू किया जाएगा।






