
Haldwani |Train Waiting | Festival Rush : नवरात्र से लेकर दिवाली और छठ पूजा तक त्योहारों पर घर जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। काठगोदाम से चलने वाली प्रमुख ट्रेनों में सीटों की मांग बढ़ने से लंबी वेटिंग चल रही है। दिल्ली, लखनऊ और हावड़ा जैसे रूटों पर चलने वाली रानीखेत एक्सप्रेस और बाघ एक्सप्रेस में कई तारीखों पर वेटिंग 100 के पार पहुंच गई है। इससे त्योहारों पर घर जाने की योजना बना रहे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

त्योहारी सीजन शुरू होते ही रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ने लगी है। पूर्वांचल, बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों ने काफी पहले से टिकट बुक करा लिए थे। अब कई तारीखों में स्लीपर के साथ ही एसी श्रेणियों में भी लंबी वेटिंग चल रही है।
20 अक्टूबर को दशहरा और नवंबर में धनतेरस, दिवाली, गोवर्धन पूजा व भाई दूज के बाद छठ पूजा का त्योहार है। इन अवसरों पर बड़ी संख्या में लोग अपने घरों का रुख करते हैं….ऐसे में ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता कम हो गई है।
काठगोदाम से हावड़ा जाने वाली बाघ एक्सप्रेस में अक्टूबर के मध्य से ही वेटिंग की स्थिति बनी हुई है। उपलब्ध बुकिंग जानकारी के अनुसार 16 अक्टूबर को स्लीपर में वेटिंग 132 और थर्ड एसी में 62 थी। 20 अक्टूबर को स्लीपर की वेटिंग 122 तक पहुंच गई थी। वहीं दिवाली के बाद और छठ पूजा से पहले कुछ तारीखों में बुकिंग की स्थिति बेहद मुश्किल बताई गई है।
रानीखेत एक्सप्रेस में भी यात्रियों को कन्फर्म टिकट के लिए परेशानी हो रही है। 18 अक्टूबर को स्लीपर में वेटिंग 106 और 20 अक्टूबर को 121 दर्ज की गई। कुछ तारीखों पर एसी श्रेणियों में भी बुकिंग उपलब्ध नहीं होने की स्थिति सामने आई है।
ट्रेनों के मुकाबले फिलहाल रोडवेज बसों में यात्रियों की भीड़ सामान्य बनी हुई है। शुक्रवार को हल्द्वानी बस अड्डे से दिल्ली के लिए 21 बसें भेजी गईं…जिनमें करीब आधी सीटें खाली थीं। छोटे रूटों पर भी यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों जैसी रही।
हालांकि दशहरा के बाद दिवाली और छठ पूजा के नजदीक बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए रोडवेज ने अतिरिक्त बसें चलाने की तैयारी की है।
हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन के एआरएम संजय पांडे ने कहा कि दिवाली से पहले दिल्ली और देहरादून रूट पर चार से पांच अतिरिक्त बसें लगाई जाएंगी। वहीं बरेली, रामपुर और खटीमा के लिए भी जरूरत के अनुसार एक-दो अतिरिक्त बसें भेजी जाएंगी।
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे में कन्फर्म टिकट मिलना चुनौती बना हुआ है…जबकि रोडवेज अतिरिक्त बसों के जरिए यात्रियों को राहत देने की तैयारी कर रहा है।



