
Haldwani News | Baseball Camp | Sports News : नैनीताल बेसबॉल डिस्ट्रिक्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में ए.बी.एम. पब्लिक स्कूल, फतेहपुर में दो दिवसीय बेसबॉल कैंप का बुधवार को सफल शुभारंभ हुआ। कैंप के पहले ही दिन 100 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर बेसबॉल के गुर सीखे।

कैंप में मुख्य कोच के रूप में उत्तराखंड बेसबॉल टीम के कप्तान और पूर्व भारतीय बेसबॉल टीम के कप्तान सुखविंदर सिंह रंधावा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को बेसबॉल खेल की बारीकियों से अवगत कराया और उन्हें तकनीकी प्रशिक्षण दिया। इस दौरान बच्चों ने खेल के विभिन्न पहलुओं को समझते हुए पूरे उत्साह के साथ अभ्यास किया।
कैंप के सफल आयोजन पर नैनीताल बेसबॉल डिस्ट्रिक्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष दिवस शर्मा, सचिव हरीश सिंह नेगी और कोषाध्यक्ष जीवन मिश्रा ने सभी शारीरिक शिक्षा शिक्षकों (पीईटी) का आभार व्यक्त किया। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में बेसबॉल के प्रति रुचि विकसित करना और जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष दिवस शर्मा और सचिव हरीश सिंह नेगी ने कहा कि आने वाले समय में नैनीताल जिले की अंडर-14 और अंडर-17 बेसबॉल टीमें गठित की जाएंगी। इसके साथ ही जल्द ही नैनीताल जिले में राज्य स्तरीय बेसबॉल प्रतियोगिता आयोजित करने की भी योजना है। इससे जिले के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और उच्च स्तर पर खेलने का अवसर मिलेगा।



