Uttarakhand News

हल्द्वानी से दिल्ली के जनरथ बस की मांग, निजी बसों ने बढ़ाया रोडवेज का सिर दर्द

Ad

Uttarakhand News: Haldwani News: हल्द्वानी: शहर में निजी बसों की बढ़ती संख्या और उनके कम किराये के चलते उत्तराखंड रोडवेज को बड़ा नुकसान उठाना पड़ रहा है। खासकर दिल्ली मार्ग पर चलने वाली निजी डीलक्स और एसी बसों की वजह से अधिकतर यात्री उन्हीं को प्राथमिकता दे रहे हैं। इसकी तुलना में परिवहन निगम की अनुबंधित वोल्वो बसें महंगी होने के कारण कम पसंद की जा रही हैं।

ADVERTISEMENTS Ad

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हल्द्वानी डिपो ने परिवहन मुख्यालय से दिल्ली रूट पर चलाने के लिए सात नई एसी जनरथ बसों की मांग की है। डिपो प्रबंधन का कहना है कि निजी ट्रांसपोर्ट कंपनियों की एसी स्लीपर डीजल और इलेक्ट्रिक बसों का किराया दिन और सीटों के अनुसार बदलता रहता है, लेकिन फिर भी वह रोडवेज की वोल्वो बसों से सस्ता रहता है। इसके चलते यात्रियों का रुझान निजी बसों की ओर बढ़ गया है।

फिलहाल हल्द्वानी से दिल्ली जाने के लिए रोडवेज की वोल्वो बसों में सफर करने पर ऑनबोर्ड टिकट की कीमत ₹946 और ऑनलाइन बुकिंग पर ₹970 चुकाने होते हैं, जबकि प्रस्तावित एसी जनरथ बसों में किराया केवल ₹615 प्रति व्यक्ति रखा जाएगा।

रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों के निजी बसों में शिफ्ट होने से राजस्व में गिरावट आ रही है। अगर जनरथ बसों को अनुमति मिलती है, तो यात्रियों को सस्ता विकल्प मिलेगा और निगम को भी राहत मिल सकती है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top