Nainital-Haldwani News

हल्द्वानी में लस्सी की दुकान का बिजली बिल 65.40 लाख! स्मार्ट मीटर देखते ही उड़ गए व्यापारी के होश

UPCL Smart Meter
Ad

Haldwani | Electricity Bill | Smart Meter : शहर के मटर गली बाजार में एक लस्सी की दुकान का बिजली बिल इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। दुकान का एक महीने का बिजली बिल 65 लाख 40 हजार रुपये आया है। इतनी बड़ी रकम देखकर व्यापारी परिवार के होश उड़ गए। परिवार का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद यह बिल आया है…जबकि वे पहले नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करते रहे हैं।

ADVERTISEMENTS Ad

मटर गली में व्यापारी जसवीर सिंह ‘जस्सी दी लस्सी’ के नाम से दुकान चलाते हैं। उनके बेटे जसपाल सिंह ने बुधवार सुबह मटर गली व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष दलजीत सिंह दल्ली को फोन कर बिजली बिल में आई इस गड़बड़ी की जानकारी दी।

जसपाल सिंह के मुताबिक उनका परिवार हमेशा बिजली के बिलों का भुगतान समय पर करता आया है। लेकिन स्मार्ट मीटर लगने के बाद करीब एक महीने का बिल 65.40 लाख रुपये पहुंच गया। बिल में इतनी बड़ी रकम देखकर परिवार परेशान है और उसे समझ नहीं आ रहा कि इतनी राशि आखिर कैसे आ गई।

मामले की जानकारी मिलने के बाद व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष दलजीत सिंह दल्ली ने बिजली विभाग के जेई साकेब से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

इसके बाद एसोसिएशन अध्यक्ष दलजीत सिंह दल्ली और महामंत्री अतुल कुमार गुप्ता ने विद्युत विभाग के महाप्रबंधक, एसडीओ, कनिष्ठ अभियंता समेत अन्य अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।

व्यापारी एसोसिएशन ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि स्मार्ट मीटर और बिलिंग में गड़बड़ी की जांच कराई जाए और वास्तविक खपत का आकलन करने के बाद सही बिल जारी किया जाए।

फिलहाल व्यापारी परिवार बिजली विभाग से शिकायत का समाधान होने का इंतजार कर रहा है। अब देखना होगा कि विभाग की जांच में इतनी बड़ी बिल राशि आने की वजह क्या सामने आती है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top